1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा के साथ रहने से JDU, लोजपा, रालोसपा की प्रासंगिकता समाप्त होगी: गोहिल

भाजपा के साथ रहने से JDU, लोजपा, रालोसपा की प्रासंगिकता समाप्त होगी: गोहिल

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 05, 2018 03:23 pm IST,  Updated : Aug 05, 2018 03:23 pm IST

गोहिल ने कहा कि बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारे के लिए मुख्य मानदंड ‘जीतने की क्षमता’ रहेगी और प्रदेश में विपक्ष की एकता अन्य राज्यों में भी सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगी।

bjp- India TV Hindi
bjp

नई दिल्ली: कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने आज कहा कि नीतीश कुमार की जेडीयू और राम विलास पासवान की लोजपा जैसी पार्टियां अगर भाजपा के साथ बनी रहती हैं तो इनकी प्रासंगिकता खत्म हो जाएगी क्योंकि पिछड़े वर्गों में नाराजगी है।

गोहिल ने कहा कि बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारे के लिए मुख्य मानदंड ‘जीतने की क्षमता’ रहेगी और प्रदेश में विपक्ष की एकता अन्य राज्यों में भी सहयोग का मार्ग प्रशस्त करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में राजग के घटक दलों जनता दल (युनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का जनाधार मुख्य रूप से पिछड़े वर्ग के बीच है। इसलिए लोकसभा चुनाव से पहले वे राजग से नाता तोड़ सकते हैं।

उन्होंने यहां कहा कि बिहार में साफ संदेश गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग के खिलाफ है। चाहे नीतीश कुमार हों, पासवान हों या कुशवाहा जो भी भाजपा के साथ गठबंधन में हैं, वे इन वर्गों का समर्थन चाहते हैं तो भाजपा गठबंधन में कैसे रह सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता है कि यह पार्टियां राजग के साथ बनी रहेंगी और यदि ये पार्टियां भाजपा के साथ बनी रहती हैं तो इनकी राजनितिक प्रासंगिकता समाप्त हो जाएगी।’’

गोहिल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शासनकाल में मजबूत अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार रोकथाम अधिनियम लाया गया था जिसे राजग सरकार ने कमजोर करने का ‘पाप’ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एससी एवं एसटी के खिलाफ दो निर्णय देने वाले न्यायाधीश को सेवानिवृत्ति के बाद राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण का अध्यक्ष बना दिया गया। वह एके गोयल की तरफ इशारा कर रहे थे।

कुमार, पासवान और कुशवाहा के लिए दरवाजे खुले होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह काल्पनिक सवाल का जवाब नहीं देना चाहेंगे। वह केवल परिस्थितियों के बारे में प्रतिक्रिया देंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत