नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी सांसदों और पदाधिकारियों के लिए छह मई को भोज आयोजित करेंगी। पार्टी के जानकार सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी आम तौर पर सांसदों के लिए संसद के बजट सत्र और शीतकालीन सत्र के दौरान भोज का आयोजन करती हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर पार्टी नेताओं के बीच राज्यसभा में लंबित भूमि विधेयक समेत कई अन्य मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत की संभावना है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने जिस प्रकार से बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से नरेंद्र मोदी की सरकार पर हमला बोला है उससे कांग्रेस के नेता काफी उत्साहित दिख रहे हैं।
बजट सत्र के पहले चरण के दौरान छुट्टी पर गए राहुल गांधी ने भूमि विधेयक और किसानों के मुद्दे को लेकर संसद के बाहर और अंदर दोनों जगह केंद्र सरकार पर जमकर हल्ला बोला।
लोकसभा में कांग्रेस के 44 सांसद हैं जबकि राज्य सभा में पार्टी के सांसदों की संख्या 68 है।