नई दिल्ली: डीडीसीए मामलों में कथित अनियमितता की जांच के लिए पूर्व सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से आईबी, सीबीआई और दिल्ली पुलिस से पांच-पांच अधिकारी उपलब्ध कराने को कहा है। यह कदम आप सरकार और केंद्र के बीच एक और टकराव की स्थिति पैदा करने वाला लगता है।
दिल्ली सरकार द्वारा गठित जांच आयोग का नेतृत्व करने की पेशकश को स्वीकार करने वाले सुब्रमण्यम ने एनएसए को पत्र लिखकर उनसे मदद करने और डॉजियरों के साथ अधिकारियों को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। भाजपा ने इस कदम को सस्ता प्रचार करार दिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुब्रमण्यम के पत्र का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जांच के सिलसिले में कहीं से भी अधिकारियों के नाम सुझाने के लिए कहने का अधिकार है। सुब्रमण्यम ने केजरीवाल को भी पत्र लिखा है और उनसे भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से पांच उत्कृष्ट जांच अधिकारियों के नाम सुझाने का आग्रह किया है। पूर्व सॉलिसिटर जनरल ने केजरीवाल को बताया कि उन्होंने डोभाल को पत्र लिखा है क्योंकि केंद्र सरकार ने ही दिल्ली सरकार से डीडीसीए में कथित अनियमितता की जांच कराने को कहा था।
वरिष्ठ वकील ने पत्र में लिखा, जाहिर है कि इसका अर्थ है कि केंद्र सरकार इस संबंध में हर संभव मदद करेगी। सुब्रमण्यम ने अजीत डोभाल को लिखे अपने पत्र में कहा कि कुछ खुलासे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुडे़ भी हो सकते हैं। उन्होंने लिखा, यह महत्वपूर्ण है कि मैं आपसे उपयुक्त पात्र अधिकारियों की पेशकश करने का आग्रह करूं जो आयोग की सहायता करने में नैतिक रूप से सक्षम हों।