1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. RJD की रैली में तेजस्वी का नीतीश पर हमला, PM मोदी को कहा 'बड़-बड़ मोदी और गड़बड़ मोदी'

RJD की रैली में तेजस्वी का नीतीश पर हमला, PM मोदी को कहा 'बड़-बड़ मोदी और गड़बड़ मोदी'

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 27, 2017 03:54 pm IST,  Updated : Aug 27, 2017 03:55 pm IST

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को गांधी मैदान में राजद द्वारा आयोजित 'भाजपा भगाओ-देश बचाओ' रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।

tejashwi yadav- India TV Hindi
tejashwi yadav

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार को गांधी मैदान में राजद द्वारा आयोजित 'भाजपा भगाओ-देश बचाओ' रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश हमारे चाचा थे और रहेंगे परंतु वे अच्छा 'चाचा' नहीं हैं। उन्होंने नीतीश के जनता दल (युनाइटेड) को नकली जेडीयू बताते हुए कहा कि असली जेडीयू शरद चाचा का है।

तेजस्वी ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद द्वारा आयोजित 'भाजपा भगाओ-देश बचाओ' रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "नीतीश जी हमारा साथ छोड़कर भले ही चले गए, लेकिन महागठबंधन टूटा नहीं है। असली जेडीयू के नेता हमारे चाचा शरद यादव हैं। हमारे चाचा नीतीश जी की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई है।"

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए युवाओं से कहा, "आप लोग जो 'हर-हर मोदी, घर-घर मोदी' का नारा लगाते थे, वो 'बड़-बड़ मोदी और गड़बड़ मोदी' हैं।" उन्होंने कहा, "हमारे प्रिय चाचा नीतीश जी और भाजपा की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई।"

उन्होंने कहा, "आप सब लोग जानते हैं कि चाचा नीतीश ने कहा था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुक्त भारत बनाएंगे, लेकिन आज संघ की गोदी में जाकर बैठ गए। 'हे राम' की जगह 'जयश्रीराम' कहने लगे। गांधी जी के हत्यारों के साथ जा मिले।"

भागलपुर जिले के सृजन घोटाले पर नीतीश पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने सवालिया लहजे में कहा कि आज नीतीश कुमार की अंतरात्मा क्यों नहीं जाग रही है, उनकी नैतिकता कहां गई? तेजस्वी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि हकीकत है कि नीतीश में कोई नैतिकता नहीं है बल्कि वे बैसाखी के सहारे कुर्सी पर बना रहना चाहते हैं।

उन्होंने जार्ज फर्नाडवीस, शरद यादव, लालू प्रसाद यादव का उदाहरण देते हुए कहा, "ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे नीतीश ने ठगा नहीं।" तेजस्वी ने राज्य में आई बाढ़ के बावजूद जोश और जुनून के साथ रैली में आने के लिए सभी का आभार जताया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत