नई दिल्ली: भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद विनय कटियार ने आज प्रियंका गांधी पर एक बेतुकी टिप्पणी कर दी, जिससे वे विवादों में आ गये हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में उनका नाम है। इसपर जब उनसे सवाल पूछा गया, तो उन्होंने यह कह दिया कि उनके आने से क्या फर्क पड़ेगा, उनसे सुंदर भी कई महिलाएं हैं जो स्टार प्रचाकर हैं, कई अभिनेत्री हैं, कलाकार हैं।
उन्होंने आगे कहा 'प्रियंका उतनी भी खूबसूरत नहीं हैं जितना लोग प्रचारित करते हैं, इससे भी ज्यादा खूबसूरत महिलाएं हैं जो उनसे ज्यादा भीड़ जुटा सकती हैं। स्मृति ईरानी खड़ी हो जाती हैं तो भीड़ जुटा लेती हैं, अच्छा भाषण भी देती हैं।' प्रियंका ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे बीजेपी की मानसिकता पता चलती है।
बता दें कि मंगलवार को कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम भी है। हालांकि प्रियंका ने इससे पहले भी चुनावी रैलियों को संबोधित किया है लेकिन पारिवारिक संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी के अलावा वह कहीं और नहीं गईं।
पार्टी का कहना है कि वह इस बार भी इन्हीं दो क्षेत्र के लिए अभियान में शामिल होंगी। हालांकि चार फरवरी को जिन क्षेत्रों में चुनाव होने वाले हैं, वह वहां भी बतौर स्पीकर जा सकती हैं। ये वे इलाके हैं जो गांधी परिवार का गढ़ नहीं माने जाते है। कटियार की इस टिप्पणी से पहले एक और सांसद शरद यादव ने भी यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि बेटी की इज्जत से ज्यादा बड़ी है वोट की इज्जत। बताया जा रहा है कि कटियार ने यादव के इस बयान की निंदा की थी।
वरिष्ठ राजनेताओं द्वारा इस तरह की टिप्पणियों पर राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख ललिता कुमारमंगलम ने कहा कि 'हम राजनेताओं द्वारा महिलाओं के खिलाफ दिए जाने वाले इस तरह के बयानों से थक चुके हैं। ये लोग माफी भी नहीं मांगते।'