लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रामपाल यादव समेत उनके नौ समर्थकों को शुक्रवार को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। अवैध निर्माण में नाम सामने आने के बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया। ज्ञात हो कि गुरुवार को सपा विधायक रामपाल का जियामऊ स्थित अवैध निर्माण ढहाने पहुंची एलडीए की टीम के साथ विधायक और उनके समर्थकों ने मारपीट की थी।
इधर, गुरुवार को लखनऊ में उनका अवैध रूप से निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स ढहाने के बाद शुक्रवार को सीतापुर में भी उनके होटल पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला। इस होटल में रामपाल के बेटे और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र यादव साझेदार हैं।
गौरतलब है कि सपा विधायक रामपाल यादव पार्टी से बगावत कर बेटे को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में कामयाब रहे थे। शहर के पूर्वी छोर पर अवैध रूप से बनाए गए स्पर्श होटल पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। करोड़ों की लागत से बने इस होटल की बाउंड्रीवाल ढहा दी गई।