लखनऊ: मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन को उत्तर प्रदेश सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना का ब्रांड ऐम्बेस्डर बनाया है। विद्या के इस योजना से जुड़ने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उम्मीद जातई कि इससे इस योजना के बारे में लोगों को बेहतर ढंग से पता चल पाएगा। आनेवाले 3 महीनों में विद्या यूपी में इस पेंशन योजना के लिए फिल्म शूट करेंगी।
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर हुए एक कार्यक्रम में सीएम अखिलेश यादव ने ब्रांड ऐम्बेसडर के तौर पर विद्या बालन के नाम की घोषणा की। इस मौके पर कन्नौज से सांसद व अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद थीं। अखिलेश सरकार ने अपनी बातों से जता दिया कि उन्होंने समाजवादी पेंशन स्कीम को अगले साल होने वाले यूपी चुनावों का प्रमुख अस्त्र बनाने का मन बना लिया है।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश में गावों और गरीबों के हितों को लेकर गंभीर है। समाजवादी पेंशन की वजह से उत्तर प्रदेश की गरीब महिलाओं को सहारा मिला है और इसका फायदा आगे भी गरीब महिलाओं को मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की कई योजनाएं चला रही हैं, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है जिनमें ऐम्बुलेंस सेवा, डॉयल 100 योजना और महिला हेल्पलाइन 1090 शामिल हैं।
अखिलेश ने अपनी योजनाओं का सही ढंग से प्रचार न हो पाने की भी बात कही और उम्मीद जताई की अब ये बातें जनता के बीच पहुंचेंगी। उन्होंने कहा, ‘सरकार कई योजनाएं चला रही हैं, लेकिन प्रचार में हम पीछे हैं। अब समय आ गया है कि इन योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाया जाए।’