नई दिल्ली: राकांपा ने कहा है कि वह समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव धड़े की बजाए उनके पु़त्र अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले धड़े को चुनेगी। राकांपा ने उत्तरप्रदेश में प्रस्तावित महागठबंधन का हिस्सा बनने की इच्छा व्यक्त की है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
राकांपा महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री की अच्छी छवि से प्रस्तावित महागठबंधन को भाजपा को पराजित करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव की छवि से महागठबंधन को काफी मदद मिलेगी। लोगों ने उन्हें पार्टी के चेहरे के रूप में स्वीकार कर लिया है।
अनवर ने कहा, अभी प्राथमिकता भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, जनता दल यू और राष्ट्रीय लोक दल का महागठबंधन बनाने की है।
उन्होंने कहा, राकांपा इसका हिस्सा बनेगी। अगर हम उत्तरप्रदेश जैसे राज्य में साम्प्रदायिक ताकतों को रोकते हैं तो इसका पूरे देश में स्पष्ट संदेश जायेगा।