ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा ने एक बार फिर मीम के जरिए पाकिस्तान पर तीखा हमला किया है। भाजपा ने एक्स पर मीम शेयर किया है, जिसमें भारतीय शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश की हाल ही में विश्व चैंपियनशिप की जीत और उनके प्रतिद्वंद्वी मैग्नस कार्लसन के हारने के बाद भड़कने के वायरल वीडियो को दिखाया गया है। भाजपा ने यह मीम शेयर करते हुए कैप्शन में "चेकमेट" लिखा है। इस मीम में पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को भारत द्वारा निर्णायक झटका देने का संकेत दिया गया है।
मीम में क्या दिखाया गया है?
भाजपा के द्वारा शेयर किये गए मीम में भारत के तौर पर डी गुकेश को दिखाया गया है, जबकि पाकिस्तान के तौर पर मैग्नस कार्लसन को दिखाया है। इसमें पहले पहलगाम आतंकी हमला दिखाया गया है, जिसके बाद भारत द्वारा आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करना दिखाया गया है। इसके बाद पाकिस्तानी ड्रोन हमलों को भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 और आकाश द्वारा रोका जाना दिखाया गया है। इसके बाद भी हुए ड्रोन हमलों को दिखाया गया है, जिसके जवाब में पाकिस्तानी एयरबेस को ध्वस्त करना दिखाया गया है। आखिर में सीजफायर की पहल को मैग्नस कार्लसन द्वारा डी गुकेश से हाथ मिलाते हुए दिखाया गया है।
कौन हैं डी गुकेश?
बता दें कि भारतीय शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश ने टूर्नामेंट के राउंड 6 में पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के खिलाफ शानदार जीत हासिल की, जिन्हें रविवार को खेल में हार का सामना करना पड़ा। यह जीत गुकेश की नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर पर पहली क्लासिकल जीत थी। 19 वर्षीय विश्व चैंपियन ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानंद के बाद प्रतियोगिता के इतिहास में कार्लसन को हराने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए।
सेना ने चलाया ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया था। इस ऑपरेशन के तहत छह और सात मई की रात पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर में सेना ने 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। इसके बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव स्थिति बनी हुई थी। पाकिस्तान की ओर से कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए थे, लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया था। फिलहाल भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी समझौते के बाद से युद्धविराम की स्थिति बनी हुई है।