1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उपचुनाव के नतीजे पर विपक्ष ने बीजेपी पर साधा निशाना, अखिलेश यादव बोले- "भगवान ने ही नचा दिया"; जानें किसने क्या कहा

उपचुनाव के नतीजे पर विपक्ष ने बीजेपी पर साधा निशाना, अखिलेश यादव बोले- "भगवान ने ही नचा दिया"; जानें किसने क्या कहा

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Malaika Imam
 Published : Aug 03, 2026 09:08 pm IST,  Updated : Aug 03, 2026 09:15 pm IST

उपचुनाव के नतीजे को लेकर विपक्ष ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। वहीं, जीतू पटवार ने दतिया की जीत को बदलाव की राजनीति का शंखनाद बताया।

अखिलेश यादव, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी- India TV Hindi
अखिलेश यादव, दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी Image Source : PTI/REPORTER INPUT

तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। बांकीपुर और दतिया सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला। बीजेपी की पारंपरिक सीट बांकीपुर से जन सुराज के संस्थापक प्रकाश किशोर ने शानदार जीत हासिल की है। वहीं, दतिया में उम्मीद के उलट कांग्रेस को जीत मिली। इन परिणामों के बाद विपक्ष ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव का बीजेपी पर तीखा तंज

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार पर समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया।" अखिलेश यादव ने इस हार को युवाओं के आक्रोश और जनता के विश्वासघात का परिणाम बताया। उन्होंने बीजेपी पर वोट चोरी, पेपर लीक, नौकरी चोरी, आरक्षण में धांधली और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाए।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि इस हार के बाद अब बीजेपी में आंतरिक कलह बढ़ेगी और लोग अपने नेताओं से इस्तीफे की मांग करेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जिन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर की बजाय जानबूझकर राज्य स्तर पर सीमित रखा गया था, वे आज इस परिणाम से सबसे ज्यादा खुश हैं।

कांग्रेस की जीत पर क्या बोले दिग्विजय सिंह?

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दतिया के मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने एक बार फिर 2023 की तरह ही हिम्मत दिखाते हुए उपचुनाव में विजय दिलाई है। उन्होंने कांग्रेस के उन जांबाज कार्यकर्ताओं का आभार जताया जिन्होंने सभी दुखों और दर्द को सहकर भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर कार्यकर्ता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा, "एक वादा मैं आप सभी से करता हूं कि हम कांग्रेस के हर कार्यकर्ताओं के दिक्कत और दुख में साथ खड़े रहेंगे। विकास के लिए जो हम कर पाएंगे, वो करेंगे। घनश्याम सिंह जी को भी जो आज चुनकर आए हैं, उनको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं> मुझे विश्वास है कि वे जनता की कसौटी पर फिर से खरे उतरकर जनता की सेवा करेंगे।"

बदलाव की राजनीति का शंखनाद: जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया में इंडिया गठबंधन की जीत को मध्य प्रदेश में बदलाव की शुरुआत और वर्ष 2028 की जनपक्षीय सरकार की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक विधानसभा उपचुनाव का परिणाम नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश में बदलाव की शुरुआत और वर्ष 2028 में बनने वाली जनपक्षीय सरकार की मजबूत नींव है।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने इस चुनाव में लगभग 50 करोड़ रुपये खर्च किए और 25 मंत्रियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा, लेकिन दतिया की जनता ने सत्ता के दबाव और धनबल को नकार दिया।

ये भी पढ़ें-

दतिया उपचुनाव के नतीजे पर CM मोहन यादव की प्रतिक्रिया, बोले- "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास"

दतिया विधानसभा उपचुनाव हारने के बाद सामने आया बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का पहला बयान, देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत