1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. "बांग्लादेश के हिंदुओं के बजाय कांग्रेस गाजा पर अधिक चिंतित है", सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने की आलोचना

"बांग्लादेश के हिंदुओं के बजाय कांग्रेस गाजा पर अधिक चिंतित है", सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने की आलोचना

 Edited By: Avinash Rai
 Published : Aug 10, 2024 06:51 pm IST,  Updated : Aug 10, 2024 07:59 pm IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी गाजा के बारे में अधिक चिंतित है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले पर कांग्रेस चुप है। उन्होंने कहा कि वहां की स्थिति बहुत खराब है।

Congress is more concerned about Gaza than the Hindus of Bangladesh criticized CM Himanta Biswa Sarm- India TV Hindi
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर साधा निशाना Image Source : PTI

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे ‘‘हमलों’’ के बारे में कांग्रेस की ‘‘चुप्पी’’ की शनिवार को आलोचना की और आरोप लगाया कि पार्टी गाजा के बारे में अधिक चिंतित है। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की संगठनात्मक बैठक में भाग लेने रांची आए हैं। बांग्लादेश की अशांति पर चिंता व्यक्त करते हुए शर्मा ने कहा कि वहां की स्थिति बहुत खराब है और उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार कूटनीतिक माध्यम से इस मुद्दे का समाधान करेगी और स्थिति धीरे-धीरे सुधरेगी। 

हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

शर्मा ने बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘अभी वहां (बांग्लादेश में) स्थिति बहुत खराब है।’’ बांग्लादेश में हिंदुओं की दुर्दशा पर कथित रूप से चुप रहने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पार्टी के नेताओं ने गाजा में अल्पसंख्यकों के लिए विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं के लिए उन्होंने कितनी बार आवाज उठाई? कांग्रेस ने दिखाया है कि वह दुनिया भर में समस्याओं का सामना कर रहे मुसलमानों के साथ खड़ी है, लेकिन हिंदुओं के साथ नहीं।’’ 

बांग्लादेश में हिंदुओं की आबादी पर कही ये बात

बांग्लादेश से लोगों के पलायन पर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी है। उन्होंने कहा, ‘‘यह समाधान नहीं है। हम लोगों को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दे सकते। इसका एकमात्र समाधान सभी राजनयिक माध्यम का इस्तेमाल करना और बांग्लादेश में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।’’ शर्मा ने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश की सीमा से लगे पूरे पूर्वी क्षेत्र में हिंदू आबादी में गिरावट आई है। उन्होंने कहा, ‘‘असम में हिंदू आबादी में 9.23 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि बांग्लादेश में पिछले कुछ वर्षों में इसमें 13.5 प्रतिशत की कमी आई है।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत