1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस में खींचतान के बीच कर्नाटक में आएगा अविश्वास प्रस्ताव, बीजेपी ने दिए संकेत, कहा- 8 दिसंबर तक का है समय

कांग्रेस में खींचतान के बीच कर्नाटक में आएगा अविश्वास प्रस्ताव, बीजेपी ने दिए संकेत, कहा- 8 दिसंबर तक का है समय

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 28, 2025 11:24 pm IST,  Updated : Nov 28, 2025 11:31 pm IST

कर्नाटक में सीएम की कुर्सी को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच अनबन चल रही है। इस बीच, बीजेपी के सीनियर नेता एवं पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा कर्नाटक में अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है।

सीएम की कुर्सी को लेकर कर्नाटक कांग्रेस में चल रही खींचतान- India TV Hindi
सीएम की कुर्सी को लेकर कर्नाटक कांग्रेस में चल रही खींचतान Image Source : PTI

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि अगर कांग्रेस में सत्ता और नेतृत्व को लेकर खींचतान जारी रही, तो विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर सकती है। उन्होंने यह भी अनुमान जताया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच तनातनी के बीच मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कोई ‘छुपा रुस्तम’ भी उभर सकता है। 

हम तैयार कर रहे एक नया फार्मूला- बोम्मई

हावेरी के भाजपा सांसद बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने नेतृत्व विवाद सुलझाने के लिए दो–तीन फ़ॉर्मूले सुझाए हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर कांग्रेस में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान ऐसे ही जारी रही, तो राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल पैदा हो सकती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने समाधान के लिए दो–तीन फ़ॉर्मूले दिए हैं, लेकिन दोनों में से कोई भी नेता किसी फ़ॉर्मूले पर सहमत नहीं हैं। खबर यह भी है कि दोनों को किनारे कर एक नया फ़ॉर्मूला तैयार किया जा रहा है। ऐसे में कोई छुपा रुस्तम बाजी मार सकता है।’ 

 राजनीतिक अस्थिरता की है आशंका- बोम्मई

उन्होंने कहा, ‘राज्य में प्रशासन पूरी तरह चरमरा गया है। किसान संकट में हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं। दोनों नेताओं ने इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। यदि स्थिति ऐसी ही बनी रही, तो राजनीतिक अस्थिरता की आशंका है।’ 

अविश्वास प्रस्ताव पर किया जा सकता है विचार

जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा बेलगावी विधानसभा सत्र के दौरान राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी, तो उन्होंने कहा, ‘8 दिसंबर तक का समय है। यदि परिस्थितियां बनीं, तो अविश्वास प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।’ 

बोम्मई ने डीके शिवकुमार पर साधा निशाना

राज्य के लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली द्वारा भाजपा पर विधायकों की खरीद–फरोख्त का आरोप लगाने पर बोम्मई ने पलटवार किया, ‘कांग्रेस 1969 से ही विधायकों की खरीद–फरोख्त में शामिल रही है। उस समय जारकीहोली राजनीति में भी नहीं थे। कांग्रेस का इतिहास देखें, तो सब स्पष्ट हो जाएगा। क्या उन्हें याद नहीं कि डी.के. शिवकुमार ने महाराष्ट्र के सभी विधायकों को एकत्र कर विलासराव देशमुख को नियंत्रण में रखा था?’ (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत