Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद अब सियासी दलों ने अगले चरण में होने वाले चुनाव पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोल्हापुर और गोवा में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के पोरबंदर, भरूच, पंचमहाल और वडोदरा में वोट मांगेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वलसाड के बाद अब लातूर में जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं कांग्रेस आज अमेठी और रायबरेली से उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। आज देर शाम सीईसी की बैठक होनेवाली है। हम आपको चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी खबरों की अपडेट्स देते रहेंगे।
कांग्रेस सीईसी की बैठक खत्म होने पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, "एक-दो दिन में सब ( कांग्रेस की नई सूची पर) स्पष्ट हो जाएगा।"
कांग्रेस के आरोपों पर जब अमित शाह से सवाल किया गया कि कांग्रेस ने कहना शुरू कर दिया है कि दो चरणों के बाद पीएम 400 पार की बात नहीं बोल रहे हैं। इस पर अमित शाह ने कहा कि अब मैं ही बोल देता हूं कि हम 400 पार करेंगे।' उन्होंने कहा कि 'I.N.D.I. गठबंधन जमीन पर कहीं एक्टिव नहीं है। जनता उनके साथ नहीं है।'
अमित शाह से जब पूछा गया कि आपकी जनसभा में जिस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ी है उसे देखकर आपको क्या लगता है? इस पर अमित शाह ने कहा कि 'निश्चित रूप से गुजरात की 26 में से 26 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।' उन्होंने कहा कि 'दोनों चरणों में भारतीय जनता पार्टी को बहुत अच्छा जनसमर्थन मिला है। देश की जनता निश्चित रूप में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुनेगी।'
भारतीय जनता पार्टी ने मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से वरिष्ठ वकील उज्जवल निकम को अपना उम्मीदवार बनाय है। इस बाबत अब पूनम महाजन ने बयान जारी किया है।
भाजपा नेताओं और नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से अब साफ हो गया है कि उनका उद्देश्य है -
1 - संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना।
2 - दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण छीन कर देश चलाने में उनकी भागीदारी खत्म करना।
लेकिन संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए कांग्रेस चट्टान की तरह भाजपा की राह में खड़ी है।
जब तक कांग्रेस है - वंचितों से उनका आरक्षण दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "PM मोदी खुद ही डिप्रेशन में चल रहे हैं। मोदी जी का मतलब आपको बेरोजगारी मिलनी है। मोदी जी का मतलब महंगाई है। मोदी जी का मतलब पलायन है। मोदी जी का मतलब समाज का बांटना है।"
सपा नेता डिंपल यादव की बेटी अदिति ने गांव-गांव जाकर चुनाव प्रचार किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली से AAP उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में कोंडली इलाके में रोड शो किया।
भाजपा ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मामले में विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम को मुंबई उत्तर मध्य से अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से बीजेपी की पूनम महाजन मौजूदा सांसद हैं।
ओडिशा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "...आप सभी के हाथ में टीका लगा है। सबके प्राण किसने बचाएं? जब पीएम मोदी ने टीके का आह्वान किया, टीके लग रहे थे तो अखिलेश यादव, कांग्रेस के राहुल गांधी कह रहे थे ये मोदी टीका है। जब लोगों की जान बची तो चुपचाप जाकर कहा मुझे भी लगा दो। ये पीठ पीछे घुसने वाले लोग हैं....एक-एक व्यक्ति को याद रखना है कि हमारे प्राण PM मोदी और भाजपा की सरकार के कारण बचे हैं।"
कांग्रेस घोषणा पत्र को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "हमारे घोषणा पत्र के बारे में जो अफवाह फैलाई जा रही है वे गलत है। हमारे घोषणा पत्र में सबकुछ गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं के लिए है। इसे मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र कहना शर्म की बात है।"
AAP सांसद स्वाति मालीवाल ने विधायक विनय मिश्रा और राजेश ऋषि के साथ, AAP लोकसभा उम्मीदवार महाबल मिश्रा के समर्थन में पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में प्रचार किया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंगदपुर गांव में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान लोगों का हुजूम देखा गया।
गुना से भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में उनके बेटे भी जनता के बीच जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा-मुझे जमीन पर लोगों से जुड़ने में मजा आता है। फिलहाल, मैं अपना काम कर रहा हूं हालांकि, मैं अपने पिता का समर्थन कर रहा हूं।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "दूसरे चरण के बाद भाजपा के लोग डिप्रेशन में हैं। जनता कह रही है कि मोदी जी हैं तो मुद्दे की बात करना मुश्किल है, नौकरी मिलना मुश्किल है, विकास की बात करना मुश्किल है। मोदी जी ने इतना झूठ बोला है कि देश की जनता अब सह नहीं पाती। पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, किसान, रोजगार, इन मुद्दों पर वे(पीएम मोदी) बात नहीं करेंगे... '400' फिल्म पहले चरण में ही फ्लॉप हो गई। दूसरे चरण में तो फिल्म चली ही नहीं।"
गुजरात के वलसाड में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से बड़ी-बड़ी बातें की गई है लेकिन आपके जीवन में कुछ भी बदलाव नहीं हुए हैं। राहुल गांधी ने एक न्याय यात्रा निकाली। ये कहने के लिए कि अब देश को न्याय चाहिए। क्योंकि आपके साथ अन्याय हो रहा है।"
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "बीजेपी के पक्ष में बहुत अच्छा रुझान है। छत्तीसगढ़ की तीनों लोकसभा सीट बीजेपी जीतने जा रही है।"
तेलंगाना: हैदराबाद लोकसभा सीट से AIMIM उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी ने घर-घर चुनाव अभियान चलाया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट किया, "दूसरा चरण असम में भाजपा के लिए शानदार रहा है। जिन 5 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें से हम 4 पर भारी बढ़त के साथ जीत रहे हैं और एक सीट पर स्पष्ट कारणों से बहुत करीबी मुकाबला है।"
कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने दावा किया कि दूसरे चरण में मतदान कांग्रेस के पक्ष में हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तीसरे चरण में भी कर्नाटक की बची हुई सीटों पर भी अच्छे नतीजे मिलेंगे।
आंध्र प्रदेश: YSRCP सांसद विजयसाई रेड्डी ने अपने चुनाव क्षेत्र नेल्लोर में प्रचार के दौरान ऑटो चलाया।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, "पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र का गर्व मनाती है लेकिन कुछ लोग है जो मोदी और भाजपा विरोध में उतरते-उतरते भारत के संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से नहीं चूकते। दरअसल ये EVM बहाना है, जब हार होती है तो परिवार को बचाना है। तेलंगाना में जब चुनाव होता है और वे(कांग्रेस) जीत जाते हैं, तो EVM ठीक होती है। पंजाब में EVM ठीक होती है लेकिन जब केंद्र में चुनाव हारने वाले होते हैं तो EVM खराब हो जाती है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में दावा किया कि बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा, "दूसरे चरण के मतदान में कमल खिल रहा है। सभी आठ सीटों पर बड़ी संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकल कर बूथों पर पहुंचे। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा जीतेगी।"
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की आज 3 चुनावी रैलियां होनेवाली हैं। वे यूपी के हाथरस, फ़िरोज़ाबाद और इटावा में करेंगे जनसभा को संबोधित करेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह सुबह साढ़े 10 बजे पोरबंदर में रैली करेंगे। भरूच में दोपहर डेढ़ बजे और पंचमहाल में 3 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। वडोदरा में शाम साढ़े 4 बजे वे रोड शो करेंगे। यह रोड शो रणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर से मार्किंट क्रास रोड तक चलेगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वे आज गुजरात के वलसाड और महाराष्ट्र के लातूर में जनसभा को संबोधित करेंगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल AAP उम्मीदवार के लिए दिल्ली, पंजाब, गुजरात और हरियाणा में चुनाव प्रचार करेंगी।
कांग्रेस पार्टी आज अमेठी और रायबरेली से उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज रात 8 बजे होगी। इस बैठक में अमेठी और रायबरेली सीट से उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग सकती है।
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर और गोवा में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी शाम 5 बजे कोल्हापुर और शाम 7 बजे साउथ गोवा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
संपादक की पसंद