1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर किया बड़ा हमला, चुनावी भाषण को लेकर कही ये बात

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर किया बड़ा हमला, चुनावी भाषण को लेकर कही ये बात

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 11, 2024 02:28 pm IST,  Updated : May 11, 2024 02:28 pm IST

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा का सम्मान नहीं करती। मुझे ऐसी तस्वीर दिखाइए जिसमें पीएम मोदी ने किसी आदिवासी के घर जाकर उनकी समस्याएं समझी हों।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
प्रियंका ने साधा पीएम मोदी पर निशाना Image Source : FILE

नंदूरबार: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी भाषणों को खोखली बातें करार दिया और आरोप लगाया कि वह राजनीति का इस्तेमाल केवल सत्ता हासिल करने के लिए कर रहे हैं, न कि लोगों की सेवा के लिए। वह नंदूरबार लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गोवाल पाडवी के समर्थन में यहां एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं। बता दें कि पीएम मोदी ने एक दिन पहले इस आदिवासी बहुल निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया था।

प्रियंका ने क्या कहा?

प्रियंका ने कहा, 'पीएम मोदी जो भी बोलते हैं, वे खोखली बातें हैं जिनमें कोई वजन नहीं होता।' उन्होंने कहा, 'मुझे नरेंद्र मोदी की किसी आदिवासी के घर जाकर उनकी समस्याएं समझने की एक तस्वीर दिखाइए।'

प्रियंका ने लोगों से कहा, 'आपकी संस्कृति और परंपरा का सम्मान करना राजनीतिक नेताओं का कर्तव्य है। भाजपा आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा का सम्मान नहीं करती।' उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नए संसद भवन का उद्घाटन करने और अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वास्तव में सम्मान देने की बात आती है, तो मोदी जी पीछे हट जाते हैं। प्रियंका ने कहा, 'मोदी जी एक बच्चे की तरह रोते हैं और कहते हैं कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। यह सार्वजनिक जीवन है। इंदिरा गांधी से सीखें। दुर्गा जैसी महिला, जिसने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। उनकी बहादुरी, साहस और दृढ़ संकल्प से सीखें, लेकिन आप तो उन्हें राष्ट्रविरोधी कहते हैं, आप उनसे क्या सीख सकते हैं।' (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत