1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. VIDEO: 'डीके-डीके' के नारे सुनकर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे, सीएम शिवकुमार के सामने मंच से ही लगा दी कार्यकर्ताओं की क्लास

VIDEO: 'डीके-डीके' के नारे सुनकर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे, सीएम शिवकुमार के सामने मंच से ही लगा दी कार्यकर्ताओं की क्लास

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 21, 2026 05:16 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 05:22 pm IST

बेंगलुरु के कार्यक्रम में 'डीके-डीके' के नारे सुनते ही मल्लिकार्जुन खरगे नाराज हो गए और अपना संबोधन बीच में रोककर मंच से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बरस पड़े। मल्लिकार्जुन खरगे ने नारेबाजी करने वाले वर्कर्स पर एक्शन की भी बात कही।

Mallikarjun Kharge- India TV Hindi
मल्लिकार्जुन खरगे ने नारेबाजी करने वाले कार्यकर्ताओं को लगाई फटकार। Image Source : ANI

बेंगलुरु: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कर्नाटक के बेंगलुरु में तब भड़क गए जब 'संकल्प समावेश' कार्यक्रम में कुछ कार्यकर्ताओं ने मंच के ठीक सामने पहुंचकर सीएम डीके शिवकुमार के समर्थन में 'डीके-डीके' के नारे लगाने शुरू कर दिए। कांग्रेस वर्कर्स की इस हरकत पर मल्लिकार्जुन खरगे ने मंच से ही उन कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई और पार्टी के अनुशासन का हवाला दिया।

बार-बार डीके के समर्थन में नारे सुनकर भड़के खरगे

बता दें कि बेंगलुरु में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवकुमार समेत कांग्रेस के कई सीनियर नेता मौजूद थे। इसी दौरान, जब पार्टी वर्कर्स ने बार-बार 'डीके-डीके' के नारे लगाए, तो मल्लिकार्जुन खरगे ने बीच में ही अपना भाषण रोक दिया। फिर, खरगे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह किसी एक शख्स का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी का प्रोग्राम है और यहां किसी एक व्यक्ति की जयकार की कोई जगह नहीं है।

क्या यहां नारेबाजी से प्रभावित होगा पूरा देश- खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी वर्कर्स से कहा, 'क्या यहां नारेबाजी करने से पूरा भारत प्रभावित हो जाएगा? यह कार्यक्रम किसी व्यक्ति विशेष का नहीं है। हम सभी यहां कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए आए हैं। कांग्रेस किसी एक लीडर की नहीं, बल्कि संगठन की ताकत से चलती है।'

कम योगदान के बावजूद कई लीडर्स को कांग्रेस ने दिया बड़ा मंच

खरगे ने अपने लंबे सियासी अनुभव को याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें पॉलिटिक्स में 58 साल का अनुभव है और उन्होंने कांग्रेस को कई उतार-चढ़ाव से गुजरते हुए देखा है। मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि कई लीडर्स का योगदान भले लिमिटेड रहा हो, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें बड़ा मंच और पहचान दी है।

खरगे ने कही नारा लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात

कांग्रेस चीफ ने वॉर्निंग देने वाले अंदाज में कहा कि इस कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग हो रही है और जिन लोगों ने अनुशासनहीनता की है, उनके खिलाफ फुटेज से पहचान करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मल्लिकार्जुन खरगे ने साफ किया कि कांग्रेस में अनुशासन प्राथमिकता है और संगठन से ऊपर कोई व्यक्ति नहीं है।

सीएम डीके खुद वर्कर्स को शांत कराते आए नजर

मल्लिकार्जुन खरगे के स्टेटमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साथ ही, सियासी गलियारों में इसकी चर्चा भी तेज हो गई है। हालांकि, जब डीके-डीके के नारे सुनकर मल्लिकार्जुन खरगे भड़क गए तो इस दौरान, सीएम डीके शिवकुमार खुद कार्यकर्ताओं से शांत रहने का आह्वान करते हुए दिखाई दिए।

ये भी पढ़ें- 'कर्नाटक में मंत्री हर तालुका में जाकर सुनेंगे शिकायत', CM डीके शिवकुमार ने किया अलग मंत्रालय बनाने का ऐलान; जानें कैसे करेगा काम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत