1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'जो भगवान राम, कृष्ण को नहीं मानता वह सच्चा मुसलमान नहीं', BJP नेता जमाल सिद्दीकी का बयान

'जो भगवान राम, कृष्ण को नहीं मानता वह सच्चा मुसलमान नहीं', BJP नेता जमाल सिद्दीकी का बयान

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 04, 2025 08:58 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 10:24 pm IST

भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो भगवान राम, कृष्ण को नहीं मानता वह सच्चा मुसलमान नहीं है।

भाजपा नेता जमाल सिद्दीकी का चौंकाने वाला बयान।- India TV Hindi
भाजपा नेता जमाल सिद्दीकी का चौंकाने वाला बयान। Image Source : INDIA TV

भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो भगवान श्री राम को नहीं मानता है, जो भगवान श्री कृष्ण पर आस्था नहीं रखता है, वह सच्चा मुसलमान नहीं हो सकता है। जमाल सिद्दीकी ने आगे ये भी कहा कि हम भगवान श्री राम के वंशज है और हमें इस बात पर गर्व है। हमें इस बात को नीचे तक पहुंचाना है।

क्या बोले जमाल सिद्दीकी?

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा है कि मुसलमान भगवान राम के वंशज हैं। इंडिया टीवी के साथ बातचीत करते हुए जमाल सिद्दीकी ने कहा कि जो मुसलमान भगवान राम और कृष्ण को नहीं मानते उन्हें सच्चा मुसलमान नहीं कहा जा सकता। सिद्दीकी ने कहा कि वो बार-बार कहेंगे, सौ बार कहेंगे कि हम राम के वंशज हैं। उन्होंने कहा कि हम अरब से नहीं आए हैं, जो इसको नहीं मानते वो पाकिस्तान चले गये।

सभी मुसलमानों के पूर्वज राम और कृष्ण- जमाल सिद्दीकी

इंडिया टीवी के साथ बातचीत करते हुए जमाल सिद्दीकी ने कहा कि सभी मुसलमानों के पूर्वज भगवान राम और कृष्ण हैं। पूजा करने के तरीके भले ही बदल गए हो, लेकिन संस्कृति वही रही है। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि धर्म के नाम पर समाज को बांटना नहीं चाहिए। सिद्दीकी ने आगे कहा कि कई मजारों पर भगवा चढ़ता है। कई जगह पर लंगर चलते हैं उसमें दलिया बनता है, नॉनवेज नहीं बनता। ख्वाजा साहब के मजार पर आज भी भगवा चढ़ता है। ख्वाजा साहब के लंगर ने नॉनवेज बैन किया था।

'...तो मेरा सिर कलम कर दिया गया होता'- जमाल सिद्दीकी

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि सिर्फ पूजा पद्धति बदली है संस्कृति वही है। साजिश के तहत हमको धर्म के नाम पर बांट दिया गया है, हम एक संस्कृति को मानने वाले लोग हैं। बांटने वालों ने इतना बांटा कि अब कोई भरोसा ही नहीं करता। भारत की जनता का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का मुखिया बनाया। यदि मैंने कांग्रेस के शासनकाल में सच को आइना दिखाया होता तो मेरा सिर कलम कर दिया गया होता।

हम औरंगजेब की औलाद नहीं हैं- जमाल सिद्दीकी

जमाल सिद्दीकी ने कहा कि यह फक्र की बात है कि भगवान राम और कृष्ण हमारे पूर्वज हैं। हमारी पूजा पद्धति अलग है, हम अलग नहीं है। हम औरंगजेब की औलाद नहीं हैं, हम आक्रांता मुगलों की औलाद नहीं हैं, हम भगवान श्री राम के वंशज हैं। आज हम इसलिए सूख रहे हैं क्योंकि पेड़ अपनी जडे़ं छोड़ देता है तो वह सूख जाता है। हम खाद पानी डालकर जड़ों को मजबूत करते हैं। हम जिस जड़ से दूर हुए हैं, साजिश के तहत हमें दूर किया गया, हमें उन जड़ों को फिर से जोड़ने की आवश्यकता है। वह जड़ है भगवान राम, वो है भारतीय संस्कृति। यह सच्चाई है। आप कितनी बार भी बुलवा लो, जो भगवान श्री राम को नहीं मानता है, जो भगवान श्री कृष्ण में आस्था नहीं रखता, वह सच्चा मुसलमान नहीं हो सकता। इस्लाम कहता है जिस मुल्क में रहते हैं उसी मुल्क की मिट्टी को प्यार करो, वह तो हमारे लिए मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।

ये भी पढ़ें- 'राहुल गांधी ने सेना और 140 करोड़ लोगों का अपमान किया, ये देशद्रोह से कम नहीं', क्यों भड़क गए जेपी नड्डा?

राहुल गांधी के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार, "आपकी पार्टी के कारनामे कैलेंडर में सरेंडर है"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत