1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हिमंत बिस्वा सरमा पर राहुल गांधी का सीधा हमला, कहा- असम के मुख्यमंत्री देश के सबसे भ्रष्ट सीएम'

हिमंत बिस्वा सरमा पर राहुल गांधी का सीधा हमला, कहा- असम के मुख्यमंत्री देश के सबसे भ्रष्ट सीएम'

 Published : Jan 18, 2024 06:19 pm IST,  Updated : Jan 18, 2024 07:57 pm IST

भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार सुबह नागालैंड से असम में प्रवेश हुई। यहां यह यात्रा 25 जनवरी तक रहेगी। असम में पहले दिन ही राहुल गांधी ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस के लोग नफरत फैला रहे हैं और देश को लूट रहे हैं।

 Bharat Jodo Nyay Yatra, Rahul Gandhi, Himanta Vishwa Sharma, Assam- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI

जोरहाट: कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर निकले हुए हैं। यात्रा मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई है। इस समय वह असम में है। असम में गुरुवार सुबह प्रवेश करते ही वह पूर्व कांग्रेसी नेता और इस समय राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर हमलावर हुए। ऐसा पहली बार है जब राहुल गांधी अपने किसी पूर्व साथी पर इस तरह से हमलावर हुए हैं। उन्होंने हिमंत को सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी करार दिया।

मुख्यमंत्री असम को बांटने का काम कर रहे- राहुल 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, "बीजेपी और मुख्यमंत्री असम को बांटने का काम कर रहे हैं। आप लोग जानते हैं कि हिंदुस्तान का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री असम का ही है।" राहुल ने कहा कि उनके परिवार के सभी मेंबर चाहे बच्चे हों, उनकी बीवी हों या फिर वो खुद हों। सभी किसी न किसी भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं। वो सोचते हैं कि पैसे से सब खरीदा जा सकता है लेकिन असम की जनता को पैसे नहीं खरीदा जा सकता।" 

यात्रा को शहरों के अंदर से नहीं जाना- मुख्यमंत्री

वहीं यात्रा के असम में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भड़क उठे हैं। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि यात्रा को शहरों के अंदर से नहीं जाना है। जो भी वैकल्पिक रास्ता मांगा जाएगा उसकी अनुमति दे दी जाएगी लेकिन अगर शहर के अंदर से जाने की जिद्द की जाएगी तो हम पुलिस की व्यवस्था नहीं करेंगे। मैं केस दर्ज कर लूंगा और चुनाव के बाद गिरफ्तार करूंगा। अभी कुछ नहीं करूंगा।"

देश का सबसे भ्रष्ट परिवार ये गांधी परिवार- हिमंत

वहीं राहुल के द्वारा उन्हें सबसे भ्रष्ट सीएम बताने पर हिमंत ने कहा, “मेरे हिसाब से तो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार ये गांधी परिवार है। ये देश में बोफोर्स से लेकर भोपाल गैस कांड के आरोपी को भगाने तक। सबसे भ्रष्ट परिवार गांधी परिवार ही है। ये भ्रष्ट नहीं डुप्लीकेट भी है। उनका तो फैमिली नाम गांधी है ही नहीं। अपना डुप्लीकेट नाम लेकर घूम रहा है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत