1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. 'अखिलेश यादव अभी 'वर्क फ्रॉम होम' में ही व्यस्त हैं'

'अखिलेश यादव अभी 'वर्क फ्रॉम होम' में ही व्यस्त हैं'

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 28, 2021 08:25 am IST,  Updated : Jun 28, 2021 08:28 am IST

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महज एक परिवार तक सीमित हो चुकी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लोकतांत्रिक मूल्यों की दुहाई देना शोभा नहीं देता।

Akhilesh yadav is still busy in work from home says UP BJP Chief  'अखिलेश यादव अभी 'वर्क फ्रॉम होम' - India TV Hindi
 'अखिलेश यादव अभी 'वर्क फ्रॉम होम' में ही व्यस्त हैं' Image Source : PTI

लखनऊ. भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को कहा कि अखिलेश यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनावों में हार स्वीकार कर ली है और जवाबदेही से बचने के लिए अपने जिलाध्यक्षों पर हार का ठीकरा फोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2014 से चुनाव दर चुनाव लगातार हार का सामना कर रही है। इसके बावजूद अखिलेश अभी 'वर्क फ्रॉम होम' में ही व्यस्त हैं। 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महज एक परिवार तक सीमित हो चुकी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को लोकतांत्रिक मूल्यों की दुहाई देना शोभा नहीं देता। स्वतंत्र देव सिंह ने एक बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी में जहां परिवार ही पार्टी तथा सरकार रही हो, उसके प्रमुख अखिलेश यादव का लोकतांत्रिक मूल्यों की दुहाई देना शोभा नहीं देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल में अपने घरों में बैठकर सोशल मीडिया पर झूठ और भ्रम फैला कर प्रदेशवासियों को डराने वाले लोग आपदा के समय जनता से दूर रहे। अब जब वे पंचायत चुनावों में भी करारी हार के करीब हैं तो अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने आरोप लगाया कि सपा की कार्य संस्कृति अराजकता, राजनीतिक अपराधीकरण तथा भ्रष्टाचार की रही है। उसके राजनीतिक मूल्यों में जातिवाद, परिवारवाद तथा तुष्टीकरण समाहित है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना की विभीषिका थी तब भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर आम लोगों की मदद के लिए अपने तन-मन-धन से जुटे थे। तब समाजवादी कार्यकर्ता या उनकी पार्टी के नेता अपने घरों में थे। हमारी सेवा की संस्कृति का ही परिणाम है कि विपक्षी धड़े में सामाजिक दबाव के कारण भगदड़ मची है। (Input- Bhasha)

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत