1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. बुलंदशहर हिंसा के मुख्य संदिग्ध शिखर अग्रवाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बुलंदशहर हिंसा के मुख्य संदिग्ध शिखर अग्रवाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 10, 2019 10:49 am IST,  Updated : Jan 10, 2019 10:49 am IST

बुलंदशहर के स्याना में हुई हिंसा के एक और मुख्य संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Bulandshahr violence: Key suspect Shikhar Agarwal arrested | PTI File- India TV Hindi
Bulandshahr violence: Key suspect Shikhar Agarwal arrested | PTI File

मेरठ: बुलंदशहर के स्याना में हुई हिंसा के एक और मुख्य संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य शिखर अग्रवाल को गुरुवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुलंदशहर पुलिस ने हापुड़ जिले से अग्रवाल को गिरफ्तार किया। अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है और उसे आज ही अदालत में पेश किया जाना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बुलंदशहर शहर) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ‘उसे आज सुबह गिरफ्तार किया गया। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और दिन में उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।’ बुलंदशहर में तीन दिसंबर को हुई हिंसा में गोली लगने के कारण पुलिस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह (44) शहीद हो गए थे। इस हिंसा में एक आम नागरिक सुमित कुमार (20) की भी मौत हो गई थी। स्याना इलाके के चिंगरावठी क्षेत्र में कथित गोकशी को लेकर उग्र भीड़ की हिंसा को लेकर स्याना पुलिस थाने में 27 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने 3 जनवरी को बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को गिरफ्तार किया था। वह भी मामले का एक मुख्य संदिग्ध था। योगेश राज की एक शिकायत पर पुलिस ने गोहत्या को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 35 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत