1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP: राजभवन के पास कैश वैन लूट मामले के 24 घंटे बाद भी पुलिस अंधेरे में मार रही है हाथ-पैर

UP: राजभवन के पास कैश वैन लूट मामले के 24 घंटे बाद भी पुलिस अंधेरे में मार रही है हाथ-पैर

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jul 31, 2018 09:58 pm IST,  Updated : Jul 31, 2018 09:58 pm IST

पुलिस ने आज दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज से लुटेरे के भागने के रास्ते का पता चल गया है और पचास संदिग्ध लोग संदेह के घेरे में हैं।

cash looted in daylight near VVIP zone in Lucknow- India TV Hindi
cash looted in daylight near VVIP zone in Lucknow

लखनऊ: राजधानी में राजभवन के पास दिनदहाड़े कैश वैन से हुई लूट और सुरक्षाकर्मी की हत्या के एक दिन बाद भी पुलिस अंधेरे में ही हाथ-पैर मार रही है। पुलिस ने आज दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज से लुटेरे के भागने के रास्ते का पता चल गया है और पचास संदिग्ध लोग संदेह के घेरे में हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कहा, ''सीसीटीवी फुटेज से लुटेरे के भागने के रास्ते का पता चल गया है और पचास संदिग्ध लोग संदेह के घेरे में हैं।'' पुलिस ने कल हुई इस घटना के एक संदिग्ध की फोटो जारी की है और लोगों से अपील की है कि वे उसे पहचानने में मदद करें। सही पहचान बताने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा भी की गई है।

गौरतलब है कि कल राजधानी में राजभवन से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात लुटेरा एक निजी बैंक की कैश वैन से नकदी लूटकर फरार हो गया था। लुटेरे ने वैन के सुरक्षाकर्मी और उसके दो सहयोगियों को गोली मार दी थी जिससे सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए थे।

पुलिस अधीक्षक लखनऊ (पूर्वी) सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जहां-जहां से यह वैन गई, उन सभी स्थानों की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और लुटेरे के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। उधर, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय द्वारा कल जारी बयान में कहा गया था कि घटना की जांच के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया है। लखनऊ पुलिस की छह टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं।

लखनऊ की सीमा से सटे सभी जिलों की सीमाओं पर सघन जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस का अनुमान है कि लुटेरा करीब छह से सात लाख रुपये लूटकर फरार हुआ है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत