1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. कुलदीप सेंगर की पत्नी संगीता को BJP ने दिया झटका, जिला पंजायत चुनाव की उम्मीदवारी रद्द

कुलदीप सेंगर की पत्नी संगीता को BJP ने दिया झटका, जिला पंजायत चुनाव की उम्मीदवारी रद्द

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 11, 2021 03:16 pm IST,  Updated : Apr 11, 2021 03:16 pm IST

भाजपा ने उन्नाव की भगवंत नगर विधानसभा सीट से पार्टी विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर का जिला पंजायत चुनाव का टिकट काट दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी।

कुलदीप सेंगर की पत्नी संगीता को BJP ने दिया झटका, जिला पंजायत चुनाव की उम्मीदवारी रद्द- India TV Hindi
कुलदीप सेंगर की पत्नी संगीता को BJP ने दिया झटका, जिला पंजायत चुनाव की उम्मीदवारी रद्द Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: भाजपा ने उन्नाव की भगवंत नगर विधानसभा सीट से पार्टी विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर का जिला पंजायत चुनाव का टिकट काट दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगीता सेंगर की उम्मीदवारी रद्द कर दी गई है। गौरतलब है कि 9 अप्रैल को उत्तर प्रदेश जिला पंचायत चुनाव के लिए भाजपी के प्रत्याशियों की लिस्ट में संगीता सेंगर का नाम शामिल था लेकिन अब उनकी उम्मीदवारी खत्म कर दी गई है।

संगीता को उन्नाव जिले में जिला पंचायत सदस्य चुनाव के लिए भाजपा की ओर से उम्मीदवार घोषित करने के चौथे दिन यह घटनाक्रम हुआ। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को एक बयान में कहा, ''उन्नाव जिले के वार्ड नंबर 22 में संगीता सेंगर का टिकट रद्द किया जाता है।'' उन्होंने कहा, ''संगीता सेंगर भाजपा की अधिकृत उम्मीदवार नहीं रहेंगी और उन्नाव में पार्टी के जिलाध्यक्ष से शीघ्र ही वहां से तीन नाम भेजने का आग्रह किया गया है।'' 

गौरतलब है कि सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य के अधिकृत उम्मीदवारों की जिले की सूची जारी की थी, जिसमें जिले के वार्ड संख्‍या 22 (फतेहपुर चौरासी तृतीय) से संगीता सेंगर को उम्मीदवार घोषित किया गया था। संगीता पूर्व में जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। 

संगीता सेंगर को उम्मीदवार बनाये जाने पर भगवा पार्टी की आलोचना करते हुए समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा था, ''भाजपा का दोहरा चरित्र है। एक तरफ भाजपा अपराधियों के खात्‍मे की बात करती है और दूसरी तरफ उनका महिमामंडन भी करती है। भाजपा के शासन में रहते अपराध खत्म नहीं हो सकता है।'' 

उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को उन्नाव जिले में 17 वर्षीय एक किशोरी से दुष्कर्म मामले में दोषी करार देते हुए दिल्‍ली की तीस हजारी अदालत ने 20 दिसंबर 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सेंगर को जिस समय यह सजा सुनाई गई थी, वह उन्नाव जिले के बांगरमऊ से भाजपा विधायक थे। सजा सुनाये जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

bjp