Monday, March 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. डीजे बजाने से मना किया तो घर में घुसकर युवक की हत्या की

डीजे बजाने से मना किया तो घर में घुसकर युवक की हत्या की

Reported By: Bhasha Published : Aug 25, 2019 07:13 pm IST, Updated : Aug 25, 2019 07:13 pm IST

देवरिया जिले में जन्माष्टमी पर डीजे बजाने से रोकने पर घर में जबरन घुसे उग्र युवकों ने एक नौजवान को पीट- पीटकर मार डाला। वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव किया।

Man Killed- India TV Hindi
Image Source : INIDIA TV प्रतिकात्मक तस्वीर

देवरिया। देवरिया जिले में जन्माष्टमी पर डीजे बजाने से रोकने पर घर में जबरन घुसे उग्र युवकों ने एक नौजवान को पीट- पीटकर मार डाला। वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव किया।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार की रात बरहज कस्बे के पटेल नगर पश्चिमी निवासी सुमित जायसवाल उर्फ सनी (25) के मकान के पास ही मोहल्ले के कुछ युवकों ने कृष्ण जन्माष्टमी का पंडाल लगाया था। देर रात युवक पंडाल में डीजे बजा रहे थे। सुमित के पिता मन्नू लाल ने युवकों से डीजे बंद करने को कहा, इससे नाराज 10- 12 नौजवानों ने लाठी- डंडा लेकर उसके घर पर धावा बोल दिया।

उन्होंने बताया कि हमलावर मन्नू लाल (55) को मारने- पीटने लगे। उसके बेटे सुमित, सचिन(22) और पत्नी संजू देवी ने उसे बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूत्रों ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सुमित तथा मन्नू की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया।

रविवार सुबह कस्बे के निवासियों ने थाने का घेराव किया। मृतक के पिता ने 12 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। 

Latest Uttar Pradesh News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement