1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. दिखावे के लिए 'नारी शक्ति' का नाम ले रही है बीजेपी सरकार: अखिलेश यादव

दिखावे के लिए 'नारी शक्ति' का नाम ले रही है बीजेपी सरकार: अखिलेश यादव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 08, 2021 10:17 pm IST,  Updated : Mar 08, 2021 11:38 pm IST

अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारीशक्ति को बधाई देते हुए राज्य की बीजेपी नीत सरकार को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि आज भी बीजेपी सरकार दिखावे के लिए नारी शक्ति का नाम ले रही है और महिलाओं के प्रति सम्मान प्रदर्शन भी उनके लिए राजनीतिक स्वार्थ साधने और वोट जुटाने का जरिया भर है।

Women's Day: Akhilesh Yadav on BJP government- India TV Hindi
अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारीशक्ति को बधाई देते हुए राज्य की बीजेपी नीत सरकार को कठघरे में खड़ा किया। Image Source : PTI

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारीशक्ति को बधाई देते हुए राज्य की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि आज भी बीजेपी सरकार दिखावे के लिए नारी शक्ति का नाम ले रही है और महिलाओं के प्रति सम्मान प्रदर्शन भी उनके लिए राजनीतिक स्वार्थ साधने और वोट जुटाने का जरिया भर है। सपा मुख्यालय से सोमवार को जारी बयान में यादव ने कहा, ''अच्छा होता अगर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री नारी सुरक्षा के लिए जमीनी स्तर पर कुछ ठोस काम करते। दिन प्रतिदिन होते महिलाओं के अपमान पर रोक लगाते, लेकिन अब इतनी देर हो गयी है कि जनता बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं कर सकती।''

उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा वाले आधी आबादी के पूरे सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए प्रतिबद्ध हैं और सपा ने पिछले दिनों ही प्रदेश में बढ़ते महिला के खिलाफ अपराध, महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, मंहगाई, शिक्षा में उपेक्षा, गरीब निराश्रित महिलाओं की पेंशन आदि समस्याओं को लेकर महिला घेरा कार्यक्रम चलाकर बीजेपी सरकार में उनके साथ हो रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाई थी। 

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने आरोप लगाया, ''बीजेपी सरकार में महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोत्तरी हुई है और मुख्यमंत्री कभी एंटी रोमियो स्क्वाड, कभी पिंकबूथ और कभी मिशन शक्ति की खोखली घोषणाओं के जरिए बहकाने का काम करते हैं।'' 

उन्‍होंने कहा, ''महिलाओं के बुनियादी मुद्दों पर बीजेपी कभी नहीं सोचती और उनकी पुरूष प्रधान मानसिकता के चलते महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं के बावजूद वेतन, पदोन्नति और कार्यव्यवहार में विसंगतियों का सामना करना पड़ता है।'' उन्‍होंने दावा किया, ''नेशनल क्राइम ब्यूरो रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों में हुई वृद्धि दिख रही है। बीजेपी सरकार के कारण उत्तर प्रदेश की बदनामी अब राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है।''

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत