1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. सरयू नहर प्रोजेक्ट: अखिलेश का दावा- सपा के समय हुआ तीन चौथाई काम, BJP ने 5 साल लगा दिए

सरयू नहर प्रोजेक्ट: अखिलेश का दावा- सपा के समय हुआ तीन चौथाई काम, BJP ने 5 साल लगा दिए

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 11, 2021 12:44 pm IST,  Updated : Dec 11, 2021 12:44 pm IST

प्रधानमंत्री मोदी बलरामपुर में आज सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले अखिलेश यादव ने दावा किया कि इस परियोजना का तीन चौथाई काम राज्य में पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में ही पूरा हो गया था।

akhilesh yadav- India TV Hindi
सरयू नहर प्रोजेक्ट: अखिलेश का दावा- सपा के समय हुआ तीन चौथाई काम, BJP ने 5 साल लगा दिए Image Source : PTI (FILE PHOTO)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन किए जाने से कुछ घंटे पहले शनिवार सुबह दावा किया कि इस परियोजना का तीन चौथाई काम राज्य में पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में ही पूरा हो गया था। यादव ने ट्वीट किया, ‘‘सपा के समय तीन चौथाई बन चुकी ‘सरयू राष्ट्रीय परियोजना’ के शेष बचे काम को पूर्ण करने में उत्तर प्रदेश की भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार ने पांच साल लगा दिए। सपा का 2022 में फिर नया युग आएगा… विकास की नहरों से प्रदेश लहलहाएगा!''

प्रधानमंत्री मोदी बलरामपुर में आज सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ''जनविरोधी विपक्षी सरकारों की अकर्मण्यता के कारण विगत पांच दशकों से उत्तर प्रदेश में 18 कृषि कल्याणकारी परियोजनाएं लंबित थीं। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में किसान हित को समर्पित वर्तमान प्रदेश सरकार ने उनमें से 17 परियोजनाओं को धरातल पर उतार दिया है। आभार प्रधानमंत्री जी!''

योगी ने एक अन्य ट्वीट किया, ''पांच नदियों 'घाघरा, सरयू, राप्ती, बाणगंगा एवं रोहिणी' को जोड़ने वाली 'सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना' जल संसाधनों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करती 'प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना' की सबसे बड़ी परियोजना है। इस युगांतकारी सौगात हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार!''

बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ट्वीट कर पिछली सरकारों पर तंज कसा था। उन्होंने लिखा, ''आपको जानकर हैरानी होगी कि सरयू नहर प्रोजेक्ट पर काम 1978 में शुरू हुआ था लेकिन 4 दशकों तक ये परियोजना पूरी नहीं हुई। खर्च बढ़ता गया और लोगों की परेशानी भी बढ़ी। 4 दशक से अधूरे प्रोजेक्ट को हमने 4 साल में पूरा किया है।''

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत