1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Bhadohi Fire: भदोही में दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग, 42 लोग झुलसे, बच्ची समेत 2 की मौत

Bhadohi Fire: भदोही में दुर्गा पूजा पंडाल में लगी भीषण आग, 42 लोग झुलसे, बच्ची समेत 2 की मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 02, 2022 11:55 pm IST,  Updated : Oct 03, 2022 07:23 am IST

Bhadohi Fire: दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने की जानकारी मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित इलाज कराए जाने के निर्देश दिए।

Bhadohi Fire- India TV Hindi
Bhadohi Fire Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

Highlights

  • आग में 33 लोग गंभीर रूप से झुलसे
  • आरती चल रही थी तब यह घटना हुई
  • कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा

Bhadohi Fire: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई थानाक्षेत्र में रविवार देर शाम एक दुर्गा पूजा के पंडाल में आग लगने से करीब 42 लोग झुलस गए। इसके साथ ही दो लोगों की मौत भी हो गई। मृतकों में एक 10 साल की बच्‍ची भी शामिल है। भदोही के जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बच्‍ची की मृत्‍यु की पुष्टि की। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया, "औराई थाना क्षेत्र के एक दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से कुल 42 लोग झुलस गए हैं और इस मामले की जांच की जा रही है।'' जिलाधिकारी जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। 

'हादसे के वक्त पंडाल में करीब 300 लोग मौजूद थे'

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, झुलस गए लोगों में से नौ को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे 33 अन्य को वाराणसी के नजदीकी अस्पताल में भेज दिया गया। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जब आरती चल रही थी। उनके अनुसार, हादसे के वक्त पंडाल में करीब 300 लोग मौजूद थे। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। 

सीएम योगी ने घायलों का इलाज कराने के दिए निर्देश 

पंडाल में आग लगने की जानकारी मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित इलाज कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस के उच्च अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, मौके पर राहत कार्य जारी है। 

आग लगने से पूरा पंडाल जला, प्रतिमाओं को नुकसान नहीं

गौरतलब है कि आज नवरात्र की सप्तमी पूजा थी और लोग देवी दुर्गा के दर्शन के लिए पंडाल में गए हुए थे। मौके पर जिले के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौजूद हैं। आग लगने से पूरा पंडाल जलकर खाक हो गया और वहां रखी सभी चीजें जल गई हैं। हालांकि, प्रतिमाओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत