1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Noida News: नोएडा में महिला से अभद्रता करने वाला नेता श्रीकांत त्यागी फरार, पत्नी समेत 4 लोग हिरासत में लिए गए

Noida News: नोएडा में महिला से अभद्रता करने वाला नेता श्रीकांत त्यागी फरार, पत्नी समेत 4 लोग हिरासत में लिए गए

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 06, 2022 01:39 pm IST,  Updated : Aug 06, 2022 02:08 pm IST

Noida News: ओमैक्स ग्रेंड सोसाइटी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें श्रीकांत त्यागी एक महिला को धमकाते हुए दिख रहा था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था।

Shrikant Tyagi- India TV Hindi
Shrikant Tyagi Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • यूपी के नोएडा सेक्टर-93 स्थित ओमैक्स ग्रेंड सोसाइटी का मामला
  • खुद को बीजेपी नेता बताने वाले श्रीकांत त्यागी ने महिला से की अभद्रता
  • बीजेपी की स्थानीय ईकाई ने कहा- श्रीकांत का पार्टी से कोई नाता नहीं

Noida News: यूपी के नोएडा सेक्टर-93 स्थित ओमैक्स ग्रेंड सोसाइटी में एक महिला के साथ बदसलूकी करने वाले नेता श्रीकांत त्यागी के खिलाफ नोएडा पुलिस एक्शन में आ गई है। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की कुल 3 गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। बता दें कि ओमैक्स ग्रेंड सोसाइटी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें श्रीकांत त्यागी एक महिला को धमकाते हुए दिख रहा था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। श्रीकांत का दावा था कि वह बीजेपी नेता है लेकिन बीजेपी ने इस बात से पल्ला झाड़ लिया है और बीजेपी की स्थानीय ईकाई ने साफ कहा है कि श्रीकांत का उनसे कोई नाता नहीं है। 

नोएडा पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया

नोएडा पुलिस ने इस मामले में कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस केस में श्रीकांत त्यागी की पत्नी, श्रीकांत त्यागी का कजन और श्रीकांत के पास काम करने वाले 2 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

क्या है पीड़ित महिला का आरोप

पीड़ित महिला का आरोप है कि श्रीकांत ने उनसे कहा कि अगर तुमने पौधों को छुआ तो मैं तुम्हें टच करूंगा। इसके अलावा श्रीकांत ने कई लोगों की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता की। वहीं सोसाइटी के अन्य निवासियों का कहना है कि श्रीकांत कॉमन एरिया में पेड़ लगाकर पार्क की जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा है। उन्होंने विरोध जताया तो श्रीकांत अभद्रता करने लगा। इस मामले में अपर पुलिस उपायुक्त अंकिता शर्मा का कहना है कि श्रीकांत त्यागी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी भी महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा।

क्या है त्यागी के बीजेपी नेता होने की सच्चाई?

श्रीकांत त्यागी ने सोशल मीडिया पर खुद को बीजेपी के किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य और सत्तारूढ़ दल की युवा किसान समिति का राष्ट्रीय समन्वयक बताया है। इस घटना के बाद विपक्षी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। सपा ने ट्विटर पर लिखा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षित भाजपाई गुंडे प्रतिदिन बहन बेटियों का अपमान कर रहे हैं। नोएडा के ओमेक्स सिटी में भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी ने महिला को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और अपमानजनक टिप्पणी की। शर्मनाक! पुलिस आरोपी भाजपा नेता को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम कार्रवाई करे।

विधानसभा चुनाव में नोएडा से कांग्रेस की उम्मीदवार रहीं पंखुरी पाठक ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि शहर में आम लोगों के खिलाफ भाजपा नेताओं का ऐसा व्यवहार सामने आया है। आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता भूपेंद्र जादौन ने भी घटना को लेकर त्यागी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस बीच, भाजपा की नोएडा इकाई के प्रमुख मनोज गुप्ता ने कहा कि त्यागी पार्टी से जुड़ा नहीं है। गुप्ता ने कहा, "वह करीब चार-पांच साल पहले स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ पार्टी में आया था, जो अब भाजपा छोड़ चुके हैं। त्यागी उनका शिष्य था और भाजपा का सदस्य नहीं था।" 

 

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत