Highlights
- काशी के घर-घर बांटने के लिए तैयार हैं लाखों लड्डू
- शाम को गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री मोदी
- कॉरिडोर के उद्घाटन कार्यक्रम में बीजेपी शासित राज्यों के सीएम शामिल
वाराणसी: आज काशी में आस्था के आकाश के नीचे धर्म का संसद लगा है। यहां आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का विधि विधान के साथ लोकार्पण किया। वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी की बाबतपुर एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की थी। सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा विश्वनाथ धाम के गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। पीएम ललिता घाट से खुद जल लेकर बाबा विश्वनाथ मंदिर तक बने कॉरिडोर चल कर पहुंचे और जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण किया। काशी विश्वनाथ धाम का पूरा कॉरिडोर फूलों की खुशबू से महक रहा है। विश्वनाथ कॉरिडोर में करीब एक लाख गेंदे के फूल लगाए गए हैं।