सीमा पर एक बार फिर संदिग्ध ड्रोन देखे गए हैं। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने रविवार को जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गांव के ऊपर मंडराते दिखा ड्रोन
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी ड्रोन को सुबह साढ़े छह बजे रामगढ़ सेक्टर के करलियान गांव के ऊपर मंडराते देखा गया, जो बाद में गायब हो गया। ड्रोन देखे जाने के बाद सेना की टीम तुरंत अलर्ट हो गई।
सेना का सर्च ऑपरेशन
उन्होंने कहा कि सीमा पार से कोई हथियार या नशीले पदार्थ तो नहीं गिराए गए, यह सुनिश्चित करने के लिए बीएसएफ के जवानों ने तुरंत गांव और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक तलाश अभियान जारी था।
ड्रोन से घुसपैठ की कोशिश
यह घटना इस महीने की चौथी ऐसी साइटिंग है, जो पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए घुसपैठ की बढ़ती कोशिशों की ओर इशारा करती है। पिछले हफ्तों में आरएस पुरा सेक्टर में भी इसी तरह की हलचल देखी गई थी, जहां बीएसएफ ने एके-सीरीज की राइफल बरामद की थी।
स्थानीय प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
सीमा पर तनाव के बीच स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सेना के सूत्रों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सीमा गांवों में सतर्कता बरती जा रही है।
(भाषा के इनपुट के साथ)