1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 'हमारे बच्चे को वापस ले आओ, वह रूस की हिरासत में...', कश्मीर के परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

'हमारे बच्चे को वापस ले आओ, वह रूस की हिरासत में...', कश्मीर के परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

 Reported By: Manzoor Mir,  Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 21, 2026 07:38 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 07:43 pm IST

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उरी इलाके के एक परिवार ने रूस में हिरासत में लिए गए युवक की रिहाई के लिए केंद्र सरकार से मदद की मांग की है। जानकारी के अनुसार, युवक रोजगार की तलाश नें रूस गया था।

kashmir uri man detained in russia- India TV Hindi
कश्मीर का युवक रूस की हिरासत में। Image Source : REPORTER

जम्मू-कश्मीर के उरी इलाके के एक युवक को रूस में हिरासत में ले लिया गया है। अब युवक के परिवार ने केंद्र सरकार से गुहार लगाई है और युवक को सुरक्षित रूप से भारत वापस लाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक का नाम एजाज अहमद गिलानी है और वह कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में रूस गए थे। एजाज को रुस में काम भी मिल गया था। हालांकि, कुछ ही दिन पहले युवक को रूस में हिरासत में ले लिया गया है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के अनुसार, बारामूला जिले के उरी इलाके में सैदपोरा के एक युवक एजाज अहमद गिलानी के परिवार ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है। परिवार ने बताया है कि एजाज को रूस में हिरासत में ले लिया गया है। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, एजाज ने रूस में 20 दिन पहले ही काम करना शुरू किया था। हालांकि, बीते महीने की 13 तारीख को एजाज को किसी मामले में रूस में हिरासत में ले लिया गया।

एजाज परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य 

एजाज के परिवार ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि उसपर क्या आरोप लगे हैं और उसे रूस में किन परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया है। एजाज की पत्नी, बच्चों, मां और दो बहनों ने जानकारी दी है कि एजाज परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं और अपनी बहनों के इकलौते भाई हैं। परिवार ने कहा है कि वे एजाज को हिरासत में लिए जाने के बाद से ही काफी परेशान हैं और एजाज के बारे में जानकारी मिलने और उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

एजाज के परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि वे इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करें और रूस के अधिकारियों से इस मुद्दे पर बात करें। दूसरी ओर रूस के अधिकारियों और विदेश मंत्रालय की ओर से एजाज की हिरासत या पूरे मामले को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बारे में जानकारी का मेन सोर्स एजाज का परिवार ही है। एजाज के परिवार ने भारत सरकार से अपील की है कि वे रूस के सामने इस मुद्दे को उठाए और एजाज की जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर वापस लेकर आए।

खबर अपडेट हो रही है...

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।