झारखंड के पलामू जिले में कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। SDPO दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि रविवार शाम को जब लड़की धान के खेत से घर लौट रही थी, तभी एक कार में सवार तीन आरोपियों ने उसे रोका और इस वारदात को अंजाम दिया। SDPO ने बताया कि इस घटना की सूचना मंगलवार को पुलिस को दी गई। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जबरन कार में बैठाया, गैंगरेप किया
SDPO ने बताया कि पीड़िता की मां ने मामला दर्ज कराया है। करीब 15 साल की पीड़िता ने घर लौटने पर अपनी आपबीती मां को सुनाई थी, जिसके बाद यह केस दर्ज किया गया। दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि FIR के अनुसार, रविवार शाम को जब लड़की धान के खेत से घर लौट रही थी, तभी इलाके के तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबरन कार में बिठाया और उसके साथ गैंगरेप किया।
फोन पर भी आरोपियों ने दी धमकी
पुलिस ने बताया कि अगले दिन आरोपियों ने फोन पर भी लड़की को धमकी दी कि वह पुलिस को इस बारे में न बताए और ऐसा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है।
लड़के और लड़की की बेरहमी से हत्या
वहीं, खूंटी जिले में एक किशोर लड़के और एक लड़की की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने बताया कि 16 वर्षीय लड़का और 17 वर्षीय लड़की सोमवार को साइको मार्केट ग्राउंड में आयोजित छाऊ नृत्य कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद वे पास के हादिया मार्केट गए, जहां संभवतः यह हमला हुआ। उन्होंने बताया कि शव हादिया बाजार के पास एक सुनसान इलाके में मिले थे।