1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. बीएड प्रवेश परीक्षा में भी हंगामा, समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री, मेन गेट पर चढ़े

बीएड प्रवेश परीक्षा में भी हंगामा, समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री, मेन गेट पर चढ़े

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 31, 2026 10:32 pm IST,  Updated : May 31, 2026 10:32 pm IST

एंट्री नहीं मिलने पर परीक्षार्थी भड़क गए। वह गेट के ऊपर चढ़ गए और अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

B. ED Exam- India TV Hindi
झारखंड में बी.एड प्रवेश परीक्षा के दौरान हंगामा Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के जमशेदपुर में बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। रविवार को शहर के ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया गया। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। विद्यार्थियों ने गेट कूद कर परीक्षा केंद्र में घुसने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा 10:30 बजे शुरू होनी थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही कॉलेज परिसर पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।

छात्रों ने कर्मचारियों पर लगाए आरोप

छात्रों का आरोप है कि गेट पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें इंतजार करने के लिए कहा, जिससे समय लगातार बीतता गया। अभ्यर्थियों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले कई छात्रों को जल्दबाजी में प्रवेश दे दिया गया, जबकि कुछ अन्य छात्रों को बाहर ही रोक दिया गया। इसी बात को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई। उनका कहना था कि जब कुछ अभ्यर्थियों को अंतिम समय में प्रवेश दिया गया, तो उन्हें परीक्षा देने से क्यों वंचित किया गया।

समय पर पहुंचे छात्रों को भी नहीं मिली एंट्री

विरोध के दौरान कुछ छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे। छात्रों का कहना था कि वे भले ही रिपोर्टिंग समय से कुछ मिनट देरी से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे उनका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है। छात्रा प्रिया सिंह, हाजरा खातून, जियासवारी दास और ज्योति सहित कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया गया। उनका कहना है कि परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पहुंचने के बावजूद उन्हें मौका नहीं दिया गया, जो उनके साथ अन्याय है।

(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

झारखंड में कहर बनकर टूटी आकाशीय बिजली, 5 लोगों की मौत, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सरायकेला में बालिका गृह से फरार लड़की क्या प्रेमी के साथ गई? प्रशासन का आया जवाब; 72 घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।