1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'साजिशों के खेल का हुआ अंत, आ गया अपना हेमंत', रिहाई के बाद रांची की सड़कों पर लगे सोरेन के पोस्टर

'साजिशों के खेल का हुआ अंत, आ गया अपना हेमंत', रिहाई के बाद रांची की सड़कों पर लगे सोरेन के पोस्टर

 Published : Jun 29, 2024 01:19 pm IST,  Updated : Jun 29, 2024 01:34 pm IST

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल से रिहा होने के बाद जेएमएम कार्यकर्ताओं में जोश देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रांची की सड़कों पर सोरेन के समर्थन में पोस्टर लगाए हैं।

रिहाई के बाद रांची की सड़कों पर लगे सोरेन के पोस्टर- India TV Hindi
रिहाई के बाद रांची की सड़कों पर लगे सोरेन के पोस्टर Image Source : ANI

रांचीः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन को कल झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रांची में उनके समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में लिखा है 'साजिशों के खेल का हुआ अंत, आ गया अपना हेमंत'। साथ ही हेमंत सोरेन की तस्वीर भी लगाई है। हेमंत सोरेन की रिहाई से जेएमएम कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा है। 

जेल से बाहर आने के बाद ये बात

 जमानत पर रिहा होने के बाद झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले 5 महीनों के बाद मैं जेल से बाहर आया हूं। पिछले 5 महीने झारखंड के लिए चिंताजनक रहे। पूरा देश जानता है कि मैं जेल क्यों गया था। अंत में कोर्ट ने अपना न्याय सुनाया है उसी के तहत मैं आज जेल से बाहर हूं मैं कोर्ट का सम्मान करता हूं। 

जमानत पर जेल से रिहा हो गए हैं सोरेन

बता दें कि कथित जमीन घोटाले में हेमंत सोरेन को ईडी ने इसी साल 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को हाई कोर्ट ने सोरेन को जमानत दे दी। जमानत मिलने के बाद वह शाम को जेल से रिहा भी हो गए। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपने पिता शिबू सोरेन से मुलाकात की। इसके बाद पार्टी नेताओं के साथ औपचारिक मीटिंग की।

महुआ मांझी ने बीजेपी पर साधा निशाना

वहीं, जेएमएम सांसद महुआ मांझी ने शनिवार को कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड में बहुत लोकप्रिय नेता हैं। लोकसभा चुनाव में उनकी अनुपस्थिति के बावजूद जनता ने हमारा समर्थन किया। जेल से उनकी रिहाई के बाद काफी उत्साह है।  लोकप्रिय नेता हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करके वोट बटोरने की भाजपा की साजिश विफल रही है।

संजय राउत ने कही ये बात

वहीं, हेमंत सोरेन को जमानत मिलने पर शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि ईडी और सीबीआई ने 10 साल में जितने भी राजनीतिक नेताओं को गिरफ्तार किया है उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं। मैं इसका उदाहरण हूं। अनिल देशमुख के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। केजरीवाल जी को पकड़ा है, कोर्ट ने कहा कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है, आप उन्हें परेशान कर रहे हैं। हेमंत सोरेन के बारे में भी यही कहा है। हेमंत सोरेन बेकसूर थे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।