1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. दहेज के लिए युवती की हत्या, मायके वालों ने ससुराल की आंगन में जलाई लाश, 4 महीने पहले हुई थी शादी

दहेज के लिए युवती की हत्या, मायके वालों ने ससुराल की आंगन में जलाई लाश, 4 महीने पहले हुई थी शादी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 04, 2024 09:58 am IST,  Updated : Sep 04, 2024 09:59 am IST

झारखंड के हजारीबाग में चार महीने पहले शादी हुई एक युवती की हत्या उसके पति और ससुराल के लोगों ने दहेज के लिए कर दी। इसमें उसके पति सहित ससुराल के 11 लोगों को नामजद किया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

झारखंड के हजारीबाग से एक सन्न कर देने वाली घटना सामने आई है। चार महीने पहले शादी हुई एक युवती की हत्या उसके पति और ससुराल के लोगों ने दहेज की खातिर कर दी। इससे गुस्साए प्रीति के मायके वालों ने सैकड़ों लोगों के साथ मिलकर मंगलवार को उसका शव ससुराल की आंगन में चिता बनाकर जला दिया। मामला हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरो गांव का है।

पुलिस ने 22 वर्षीय प्रीति कुमारी के पति अजीत यादव और उसके देवर को गिरफ्तार किया है। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है। प्रीति कुमारी चौपारण के जगदीशपुर निवासी जगदीश यादव की पुत्री थी। उन्होंने अपनी पुत्री की हत्या दहेज के लिए कर देने का आरोप लगाते हुए बरही थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें उसके पति सहित ससुराल के 11 लोगों को नामजद किया गया है। प्रीति की शादी इसी वर्ष 22 अप्रैल को चतरो गांव के अजीत यादव के साथ हुई थी।

दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित

मृतिका के पिता और परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। प्रीति से उनकी अंतिम बात 31 अगस्त की शाम 5 बजे हुई थी। इसके बाद 1 सितंबर की शाम उसके पति अजीत यादव ने फोन पर बताया कि प्रीति अचानक लापता हो गई है। मायके के लोग तुरंत चतरो गांव पहुंचे। पूरी रात तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

युवती के शरीर पर जलने के निशान

2 सितंबर की दोपहर उसकी लाश गांव के एक डोभा (छोटा तालाब) में मिली। प्रीति के मायके वालों का कहना है कि उसके शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे। उसकी एक आंख भी फूटी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद प्रीति के मायके वाले सैकड़ों लोगों के साथ उसका शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे और वहीं आंगन में अंतिम संस्कार कर दिया। (IANS)

ये भी पढ़ें- 

पत्नी को महंगी शराब पीने का था शौक, तो पति बन गया चोर; गैंग गिरफ्तार

दिल्ली में 6 साल के बच्चे को किडनैप कर यौन शोषण का आरोप, भीड़ का फूटा गुस्सा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।