1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में गरजे पीएम नरेंद्र मोदी, बोले- JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम का कब्जा

झारखंड में गरजे पीएम नरेंद्र मोदी, बोले- JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम का कब्जा

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Oct 02, 2024 11:12 pm IST,  Updated : Oct 02, 2024 11:12 pm IST

पीएम नरेंद्र मोदी आज झारखंड के दौरे पर पहुंचे। यहां से उन्होंने जेएमएम, राजद और कांग्रेस पर खूब निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि जेएमएम के ऊपर अब कांग्रेस के इकोसिस्टम का कब्जा है।

PM Narendra Modi RALLY in Jharkhand said Congress ecosystem has taken over JMM- India TV Hindi
झारखंड में गरजे पीएम नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

पीएम नरेंद्र मोदी आज झारखंड के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान हजारीबाग में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया, जहां से उन्होंने विपक्षी दलों पर खूब निशाना साधा। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड के साथ भाजपा का और मेरा अपना एक विशेष रिश्ता बन गया है। ये रिश्ता दिल का रिश्ता है। साझे सपनों का रिश्ता है। इसलिए झारखंड मुझे बार-बार बुलाता है और मैं भी बार-बार दौड़ा चला आता हूं। उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, बिजली, पानी, सोरल एनर्जी और ऐसी ही अन्य योजनाओं का झारखंड के बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। इन योजनाओं से यहां के आदिवासी समाज के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आएगा और उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। 

झारखंड से कांग्रेस पर पीएम मोदी ने साधा निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए, देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। आजादी की लड़ाई में इतना बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया। सारी योजनाएं एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, सारी सड़कें, सारी इमारतें एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, ऐसी परिवारवादी सोच ने देश का बहुत नुकसान किया। आज मुझे गर्व है कि हमारी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है। ये भाजपा है, जिसने आदिवासी म्यूजियम बनाने का अभियान शुरू किया है। रांची में भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित म्यूजियम बना है। हमने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है।

पीएम मोदी बोले- विकास की सबसे बड़ी बाधा जेएमएम और राजद

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए एक दिन-रात मेहनत कर रही है। दूसरी ओर झारखंड सरकार, झारखंड के विकास को पटरी से उतारने में लगी है। आज झारखंड का बच्चा-बच्चा जान चुका है, झारखंड के विकास में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस-JMM और RJD का गठजोड़ है। झारखंड तभी आगे जाएगा, जब ये सरकार हटेगी। झारखंड तभी आगे जाएगा, जब यहां परिवर्तन होगा। आज से झारखंड में परिवर्तन की शुरुआत हो गई है। झारखंड के विकास के लिए परिवर्तन, हर गरीब को घर मिले, इसके लिए- परिवर्तन, हर घर जल का कनेक्शन मिले, इसके लिए- परिवर्तन, भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए परिवर्तन, जल, जंगल, जमीन की हिफाजत के लिए परिवर्तन, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए परिवर्तन, आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए परिवर्तन।

राजद के रंग में रंगी जेएमएम

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि RJD के लोगों ने झारखंड को अपनी लूट का ठिकाना बना रखा था। जल-जंगल-जमीन की खुलेआम लूट होती थी। इस इलाके को इन्होंने अपराधियों-माफियाओं का सेफ हाउस बना रखा था और RJD वालों को दिल्ली से कांग्रेस पार्टी शह दे रही थी। अब JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है। ये वो पुरानी JMM नहीं है। आज JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम ने कब्जा कर लिया है। आज JMM पर कांग्रेस का भूत सवार है। भाषा बदली, चरित्र बदला और अब ये झारखंड की आत्मा को ही बदलने चले हैं। JMM और कांग्रेस वाले झारखंड में घोटालों का मैराथन कराने में लगे हैं। 

पेपरलीक पर क्या बोले प्रधानमंत्री?

पीएम मोदी ने कहा कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में यहां पेपरलीक कराने वाले गिरोह चल रहे हैं। लाखों रुपए में एक-एक पेपर बेचकर यहां के युवाओं का हक मारा जा रहा है। करोड़ों-करोड़ों रुपए कमाए जा रहे हैं और ये पैसा उनके मालिकों तक, ऊपर तक जाता है। ये पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। केंद्र सरकार की योजनाओं में भी प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार करने से पीछे नहीं हट रही है। ये गरीब के राशन का पैसा डकार रहे हैं। जल जीवन मिशन में भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं।

यहां कांग्रेस के नेताओं के ठिकाने से सैकड़ों करोड़ बरामद होते हैं। यहां नेताओं के नौकरों के घरों से भी करोड़ों रुपए पकड़े जाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।