मध्यप्रदेश के आगर-मालवा में 13 वर्षीय लड़के की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार को उसके परिजनों ने संदेह जताया कि जंगल में शिकारियों की गोली लगने से उसकी जान गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर घुरासिया गांव में रवि सूर्यवंशी (13) शनिवार शाम अचानक जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। उन्होंने बताया कि शुरुआत में रवि के परिजनों को लगा कि वह ठोकर खाकर जमीन पर गिर पड़ा है और उसे सिर पर सामान्य चोट लगी है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त रवि अपने बाड़े में गाय बांधकर घर लौट रहा था। रवि के मामा राहुल सूर्यवंशी ने कहा,‘‘रवि को सिर में गोली लगी थी। घटना के वक्त उसके परिजनों को पटाखा चलने जैसी आवाज भी आई थी।’’ उन्होंने बताया कि बुरी तरह घायल रवि को पहले आगर के अस्पताल ले जाया गया, फिर उसे उज्जैन के अस्पताल भेजा गया जहां से उसे इंदौर के एक अस्पताल भेज दिया गया।
शिकारी की गोली लगने से मौत की आशंका
राहुल ने बताया कि इंदौर के अस्पताल में इलाज के दौरान रवि की रविवार को मौत हो गई और सोमवार को उसके शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। परिजनों ने बताया कि रवि आगर के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ता था और दीपावली के त्योहार पर अपने गांव आया था। उसकी मौत के बाद उसके घर में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई हैं। मृतक के भाई कन्हैया और अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि घुरासिया गांव के आस-पास घना जंगल है, जहां अक्सर जंगली खरगोश, सुअर और नीलगाय के अवैध शिकार के लिए बाहरी लोग आते हैं और इसकी शिकायत वे पुलिस-प्रशासन को कई बार कर चुके हैं। उन्होंने संदेह जताया कि किसी शिकारी की चलाई गोली लगने से रवि की मौत हुई है।
सिटी स्कैन में हुआ खुलासा
रवि अपने बाड़े में मवेशियों को चारा खिलाकर घर लौट रहा था, तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों को लगा कि वह ठोकर खाकर गिरा है और सिर में पत्थर लगने से घायल हुआ है। रवि को पहले जिला अस्पताल आगर ले जाया गया, जहां से उसे उज्जैन रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार जब उज्जैन में सिटी स्कैन कराया गया, तब असली सच्चाई सामने आई। रवि के सिर में गोली फंसी हुई थी, जो आंख के पास से होकर सिर के पिछले हिस्से में जाकर अटक गई थी। डॉक्टरों ने तुरंत उसे इंदौर रेफर किया, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मोतीलाल कुशवाहा ने बताया,‘‘डॉक्यरों से चर्चा के बाद पहली नजर में लगता है कि रवि की मौत किसी बंदूक से चली गोली के कारण हुई। हालांकि, हम विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’ शिकारियों की चलाई गोली लगने से नाबालिग लड़के की मौत को लेकर परिजनों के संदेह पर उन्होंने कहा कि पुलिस तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है।
(आगर मालवा से राम यादव की रिपोर्ट)