भोपाल: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1864 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस खतरनाक वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 77,323 तक पहुंच गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 20 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मृतकों की संख्या 1,609 हो गई है। मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर में 6, भोपाल एवं जबलपुर में 3-3, रीवा में 2 और ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रतलाम, देवास एवं सतना में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’
Related Stories
सबसे ज्यादा 427 मौतें इंदौर में
स्वास्थ्य अधिकारी ने सूबे में कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक जान गंवाने वाले कुल लोगों की जिलेवार संख्या बताते हुए कहा, ‘राज्य में अब तक कोविड-19 से सबसे अधिक 427 मौतें इंदौर में हुई हैं। इसके अलावा भोपाल में 310, उज्जैन में 81, सागर में 64, जबलपुर में 100, ग्वालियर में 72, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 25, रतलाम 25 एवं खरगोन में 30 लोगों की मौत हुई हैं। संक्रमण से बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 295 नए मामले इंदौर जिले में आए हैं, जबकि भोपाल में 205, ग्वालियर में 167, जबलपुर में 182, धार में 49 एवं शिवपुरी में 48 नए मामले आए।
अब तक 58,509 मरीज हुए ठीक
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में अब तक मिले कुल 77,323 कोरोना संक्रमितों में से 58,509 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित कुल 17,205 मरीजों का इलाज प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए आगे कहा कि मंगलवार को 1,600 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 6,189 कंटेनमेंट जोन हैं।