भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 347 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में इस घातक वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,53,114 तक पहुंच गई है। सूबे के एक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा नए मामले राजधानी भोपाल से सामने आए हैं जबकि इंदौर में भी 40 से ज्यादा नए संक्रमित मिले हैं। अच्ची बात यह रही कि शुक्रवार को 450 से ज्यादा मरीजों ने कोरोना वायरस के संक्रमण को मात दे दी और ठीक हो गए।
Related Stories
‘पिछले 24 घंटों में हुई 4 लोगों की मौत’
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 4 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 3,780 हो गई है। अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर, भोपाल, राजगढ़ एवं दमोह में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 924 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 602, उज्जैन में 104, सागर में 149, जबलपुर में 250 एवं ग्वालियर में 220 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’
‘सबसे ज्यादा 101 नए मामले भोपाल से’
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 101 नए मामले राजधानी भोपाल से सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद इंदौर से कुल 44 नए मामले सामने आए। अधिकारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में अब तक पाए गए कुल 2,53,114 संक्रमितों में से 2,44,8552 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि 4,479 ऐक्टिव मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को 463 रोगियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।