मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। शिवपुरी से पत्नी को बाइक पर बैठाकर ग्वालियर घुमाने और रिश्तेदारों से मिलवाने आए युवक को उस समय बड़ा झटका लगा, जब चिड़ियाघर के बाहर से उसकी 18 वर्षीय पत्नी अचानक गायब हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें महिला एक दूसरे युवक की बाइक पर बैठकर जाती दिखाई दे रही है।
पत्नी को चिड़ियाघर घुमाने लाया था युवक
जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र का रहने वाला 21 वर्षीय युवक मंगलवार को अपनी 18 वर्षीय पत्नी के साथ बाइक से ग्वालियर आया था। दंपती का ग्वालियर में रिश्तेदारों से मिलने का कार्यक्रम था। पत्नी ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई, जिसके बाद दोनों फूलबाग स्थित चिड़ियाघर पहुंचे। युवक ने बाइक चिड़ियाघर के बाहर पार्किंग में खड़ी करने का फैसला किया और पत्नी को गेट के पास खड़ा रहने के लिए कहा।
कुछ ही देर में गायब हो गई पत्नी
युवक का कहना है कि वह बाइक पार्क करने के लिए गया था। वापस लौटने पर उसकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। पहले उसने आसपास उसकी तलाश की और लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक की बाइक पर बैठकर वहां से चली गई है। पत्नी के इस तरह अचानक गायब होने से परेशान युवक अपने चाचा के साथ पड़ाव थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर जाती दिखी महिला
महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की सूचना मिलने के बाद पड़ाव थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को एक कैमरे की फुटेज में महिला एक अन्य युवक की बाइक पर बैठकर जाती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब फुटेज में नजर आ रही महिला की तस्वीर युवक को दिखाई तो उसने अपनी पत्नी के रूप में पहचान की।
पति ने प्रेमी पर लगाया पत्नी को ले जाने का आरोप
सीसीटीवी तस्वीर सामने आने के बाद पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी को बाइक पर बैठाकर ले जाने वाला युवक अरमान खान है और वह उसकी पत्नी का प्रेमी है। पति ने पुलिस के सामने यह आशंका भी जताई कि उसकी पत्नी को कहीं बंधक बनाकर रखा जा सकता है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
महिला की पहचान उसके पति द्वारा किए जाने के बावजूद बाइक सवार युवक की आधिकारिक पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस ने फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर महिला की तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किस युवक के साथ गई और वह इस समय कहां है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
भूपेन्द्र भदौरिया की रिपोर्ट