1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर: टीआई बनकर राजा रघुवंशी के घर पहुंच गया ठग बजरंग लाल, भाई विपिन ने खोली पोल, अब पुलिस कर रही पूछताछ

इंदौर: टीआई बनकर राजा रघुवंशी के घर पहुंच गया ठग बजरंग लाल, भाई विपिन ने खोली पोल, अब पुलिस कर रही पूछताछ

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 15, 2025 03:25 pm IST,  Updated : Aug 15, 2025 03:25 pm IST

राजा रघुवंशी के भाई विपिन को फर्जी टीआई पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। इसके बाद खुलासा हुआ कि बजरंग लाल जाट ठगी करने के इरादे से उनके घर पहुंचा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।

Thug bajrang lal jat- India TV Hindi
पुलिस वर्दी में ठग बजरंग लाल जाट Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के घर गुरुवार रात नकली टीआई पहुंच गया। नकली टीआई खाकी वर्दी पहने था और अपने आप को राजा का दोस्त बता रहा था। वह मृतक राजा के पिता से पूछताछ करता रहा। इस बीच मां ने मोबाइल पर अपने बेटों को इस बारे में सूचना दी। जब वे घर पहुंचे तो शख्स खुद को राजा का मित्र बताने लगा। जब उससे पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो वह घबरा गया। इसके बाद देर रात राजेंद्र नगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकली टीआई को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

राजा रघुवंशी शिलांग अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने गया था। इसी दौरान किराए के शूटरों ने उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद राजा की पत्नी सोनम लापता हो गई थी। बाद में पुलिस ने तीनों शूटर को पकड़ा तो सोनम ने खुद सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसका प्रेमी राज कुशवाहा भी पकड़ा गया।

राजा के भाई ने पकड़ा झूठ

राजा की मां ने जब उसके भाइयों को टीआई के बारे में बताया तो विपिन रघुवंशी घर आ गए। ठग ने उनसे कहा कि वह राजा का दोस्त है। राजा से उसकी मुलाकात 2021 में हुई थी। इस दौरान उसकी पोस्टिंग उज्जैन में थी। हालांकि, 2021 में कोविड महामारी के चलते राजा घर से बाहर नहीं निकलता था। ऐसे में विपिन को शक हुआ और उन्होंने टीआई से उसका आईडी कार्ड मांगा। इससे नकली टीआई घबरा गया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस का बयान

राजेंद्र नगर थाना पुलिस के मुताबिक बजरंग लाल जाट ने बताया कि वह राजस्थान के रतनगढ़ का रहने वाला है। आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह झूठ बोल रहा था। सोशल मीडिया पर राजा की हत्या की खबर देखकर परिवार को ठगने के इरादे से आया था। पूछताछ में ये भी सामने आया है कि आरोपी बजरंग लाल पहले भी नकली पुलिस बनकर कई वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

(इंदौर से भरत पाटिल की रिपोर्ट)

यह भी पढे़ें-

'ये देश है वीर-जवानों का...,' गाकर देशभक्ति के रंग में रंगे सीएम डॉ. मोहन, बोले- आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहीं लहरें

भोपाल में फैक्ट्री से क्लोरीन गैस रिसाव, आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।