1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. इंदौर से कटनी जा रही युवती रहस्यमय तरीके से लापता, उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला बैग

इंदौर से कटनी जा रही युवती रहस्यमय तरीके से लापता, उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला बैग

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Avinash Rai
 Published : Aug 12, 2025 03:45 pm IST,  Updated : Aug 12, 2025 03:55 pm IST

इंदौर से कटनी जाने के लिए एक युवती ट्रेन में चढ़ी तो जरूर लेकिन रहस्यमयी तरीके से वह लापता हो गई। इसके बाद महिला का बैग उमरिया में मिला, लेकिन महिला कहां गायब हो गई, ये किसी को नहीं पता।

INDORE girl going from Indore to Katni mysteriously disappeared her bag was found at Umaria railway - India TV Hindi
इंदौर से कटनी जा रही युवती रहस्यमय तरीके से लापता Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश में एक युवती के लापता होने की विचित्र घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां इंदौर से कटनी जा रही 29 साल की अर्चना तिवारी रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अर्चना ने 7 अगस्त की सुबह इंदौर से कटनी जाने वाली ट्रेन संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस पकड़ी थी। इस ट्रेन की बी-3 कोच में सीट नंबर 3 पर अर्चना सफर कर रही थीं। अर्चना इंदौर से रवाना हुईं और भोपाल के रेलवे स्टेशन रानी कमलापति तक देखी गईं। इसके बाद ट्रेन में उनका कोई अता-पता नहीं चला। उनका बैग उमरिया रेलवे स्टेशन पर मिला, लेकिन वह खुद कहां, इसका कुछ पता नहीं चल सका है। 

ट्रेन से लापता हुई युवती

दरअसल अर्चना इंदौर में रहकर सिविल जज परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ वकालत भी कर रही थी। वह मूल रूप से कटनी जिले के मंगल नगर की रहने वाली थीं। ट्रेन यात्रा के दौरान सुबह 10.15 बजे उनकी अपने परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जब अर्चना की ट्रेन भोपाल रेलवे स्टेशन के आसपास थी। कटनी स्टेशन पर अर्चना के नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने तत्काल उनकी खोजबीन शुरू की और उमरिया में अपने रिश्तेदारों को सूचित किया। इसके बाद रिश्तेदारों ने खोजबीन शुरू की तो अर्चना का बैग उमरिया में ट्रेन में मिला, लेकिन अर्चना का कोई सुराग नहीं मिला। 

पुलिस ने की इनाम की घोषणा

अन्य यात्रियों के मुताबिक, वह इंदौर से भोपाल तक ट्रेन में दिखीं, लेकिन उसके बाद वह कहीं नजर नहीं आईं। जीआरपी कटनी के सब इंस्पेक्टर अनिल मरावी ने बताया कि वह पढ़ी लिखी और समझदार हैं। ऐसे में अचानक ट्रेन से उतर जाना या गायब हो जाना संदिग्ध है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ है। बता दें कि जब अर्चना अपने हॉस्टल से निकल रही थीं, उस समय का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कटनी कोतवाली टीआई अजय सिंह ने अर्चना की जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।