1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 427 नए मिले, संक्रमितों की कुल संख्या 265070 हुई

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 427 नए मिले, संक्रमितों की कुल संख्या 265070 हुई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 08, 2021 11:27 pm IST,  Updated : Mar 08, 2021 11:27 pm IST

मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस के 427 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2,65,070 हो गयी। 

मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 427 नए मिले, संक्रमितों की कुल संख्या 265070 हुई- India TV Hindi
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 427 नए मिले, संक्रमितों की कुल संख्या 265070 हुई Image Source : PTI

भोपाल: मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस के 427 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2,65,070 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से एक और व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 3,872 हो गयी है। 

अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 2,57,560 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 3,638 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को 394 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

देश में कोविड-19 के 18,599 नए मामले

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 18,599 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,29,398 हो गई। देश में लगातार तीसरे दिन 18 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार छठे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, अभी 1,88,747 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है। देश में मरीजों के ठीक होने की दर में गिरावट दर्ज की गई है, जो अब 96.91 प्रतिशत है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.41 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 97 और लोगों की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 1,57,853 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 1,08,82,798 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 97 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 38, पंजाब के 17 और केरल के 13 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में वायरस से अभी तक 1,57,853 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 52,478, तमिलनाडु के 12,518, कर्नाटक के 12,362, दिल्ली के 10,921, पश्चिम बंगाल के 10,278, उत्तर प्रदेश के 8,737 और आंध्र प्रदेश के 7,174 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में सात मार्च तक 22,19,68,271 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 5,37,764 नमूनों की जांच रविवार को की गई थी।

तेजी से जारी कोरोना टीकाकरण अभियान

कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण अभियान काफी तेजी से चलाया जा रहा है। देश में अभी तक कोरोना वैक्सीन की कुल 2,26,85,598 खुराकें दी जा चुकी हैं, इनमें से 16,96,588 खुराक सिर्फ सोमवार को दी गईं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।

मंत्रालय ने बताया, "आज रात 9 बजे तक की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वैक्सीन की कुल 2,26,85,598 खुराक दी गई हैं। इनमें से सोमवार (8 मार्च) को राष्ट्रव्यापी COVID-19 टीकाकरण के 52वें दिन रात 9 बजे तक कुल 16,96,588 वैक्सीन की खुराक दी गई।"

देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू हुआ था जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ। टीके की दूसरी खुराक 13 फरवरी से देना प्रारंभ किया गया, जिसमें उन लोगों को टीका दिया गया जिन्होंने पहली खुराक 28 दिन पहले ली थी। 

इसके बाद कोविड-19 टीकाकरण अभियान का अगला चरण (दूसरा चरण) एक मार्च से शुरू हुआ और इस दौरान 60 साल से अधिक उम्र वाले तथा पहले से किसी बीमारी से पीड़ित 45 साल की उम्र से अधिक के लोगों को टीका दिया गया। कोरोना वायरस का टीका सरकारी अस्पतालों में फ्री में लगाया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।