1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP News: सरकारी स्कूल में धारदार हथियार लेकर घुसा शराबी, जमकर मचाया उत्पात

MP News: सरकारी स्कूल में धारदार हथियार लेकर घुसा शराबी, जमकर मचाया उत्पात

 Published : Sep 02, 2022 07:48 am IST,  Updated : Sep 02, 2022 07:48 am IST

MP News: कमलेश मीणा ने बताया कि बंजारा चक गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गांव का ही मिंटू सिंह बंजारा शराब के नशे की हालत में फर्सा लेकर घुस गया। इसके बाद उसने स्कूल में जमकर उत्पात मचाया और तोडफोड़ की।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

Highlights

  • नशे की हालत में फर्सा लेकर घुस गया
  • शिक्षक और शिक्षिकाओं को डरा और धमकाकर दहशत फैलाने की कोशिश की
  • शराबी ने स्कूल में रखे मेज और कुर्सियां भी तोड़ दीं

MP News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के बंजारा चक गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कथित रूप से फर्सा (धारदार हथियार) लेकर घुसे शराबी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उसने स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक और शिक्षिकाओं को डरा और धमकाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। शराबी ने स्कूल में रखे मेज और कुर्सियां भी तोड़ दीं। साथ ही इसका विरोध करने पर शिक्षक और शिक्षिकाओं को अपशब्द कहे। 

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने शिक्षक और शिक्षिकाओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है जो फिलहाल फरार है। बीनागंज संकुल केंद्र के जनशिक्षक कमलेश मीणा ने बताया कि बंजारा चक गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गांव का ही मिंटू सिंह बंजारा शराब के नशे की हालत में फर्सा लेकर घुस गया। इसके बाद उसने स्कूल में जमकर उत्पात मचाया और तोडफोड़ की। 

घटना के बाद से आरोपी फरार

उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इसका विरोध किया तो उसने उन्हें अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी और फर्सा दिखाकर डराया। मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था। 

चांचौड़ा थाने के प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि शिक्षकों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आरोपी की तलाश कर रहे हैं जो घटना के बाद से ही फरार है।’’

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

बीते महीने उज्जैन में एक युवक ने नशे में बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया था। उसने कई दुकानों में तोड़फोड़ की तो कई गाड़ियों को रोककर गाड़ी चालाक को परेशान करने लगा। जिसके बाद आम लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी थी। इसके बाद भी युवक नहीं माना तो लोगों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और पुलिस को सूचना देकर उसे उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने भी उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया था। दरअसल, शराबी युवक ने इंदौर गेट क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने बाजार में हाई वोल्टेज ड्रामा किया। राहगीरों को परेशान किया और दुकानों में रखा सामान फेंकने लगा उसके बाद वो गाड़ियों के आगे लेट गया। इसके बाद लोगों ने उसे पीट कर पुलिस के हवाले कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।