1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मौत का कुआं बनीं बिना रेलिंग की सीढ़ियां, भारी-भरकम सांड को नीचे उतारने के लिए आधी रात को चला बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

मौत का कुआं बनीं बिना रेलिंग की सीढ़ियां, भारी-भरकम सांड को नीचे उतारने के लिए आधी रात को चला बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 03, 2026 11:22 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 11:22 am IST

मध्य प्रदेश के सिहोर में एक सांड निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर जा पहुंचा, जहां से उतरना मुश्किल हो गया। ऐसे में आधी रात को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।

sand- India TV Hindi
सांड। Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के सीहोर जिला मुख्यालय के चाणक्यपुरी क्षेत्र में बीती रात एक बेहद हैरान और अचंभित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भारी-भरकम सांड रात के अंधेरे में भटकते हुए एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर जा पहुंचा। रात के सन्नाटे में जब स्थानीय निवासियों की नजर इतनी ऊंचाई पर खड़े सांड पर पड़ी तो हर कोई दंग रह गया। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि संकरी सीढ़ियों से होते हुए यह मूक पशु आखिर ऊपर तक कैसे पहुंच गया। देखते ही देखते इस अजीबोगरीब वाकये को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आधी रात को चला रेस्क्यू ऑपरेशन

जैसे ही सांड को इतनी ऊंचाई पर देखा गया, इलाके में हड़कंप मच गया। सांड के नीचे गिरने या किसी हादसे का शिकार होने की आशंका को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए सीहोर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारी बिना वक्त गंवाए तुरंत राहत सामग्री के साथ मौके पर पहुँचे। इसके बाद आधी रात को ही सांड को नीचे उतारने के लिए एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद मिली सफलता

निर्माणाधीन मकान होने के कारण रास्ते बेहद संकरे थे और सीढ़ियों पर रेलिंग भी नहीं लगी थी, जिससे रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती दोगुनी हो गई थी। रात के करीब 2:00 बजे पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारियों ने सूझबूझ और भारी मशक्कत दिखाते हुए सांड को काबू में किया। रस्सियों और बेहद सावधानी भरे तरीकों का इस्तेमाल करके, टीम ने बिना किसी नुकसान के सांड को सुरक्षित नीचे उतार लिया। सुरक्षित नीचे आते ही सांड ने भी राहत की सांस ली।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ युवकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। वीडियो में सांड दूसरी मंजिल की अधूरी बनी बालकनी पर खड़ा साफ दिखाई दे रहा है। अब यह वीडियो सीहोर सहित पूरे मध्य प्रदेश के सोशल मीडिया ग्रुप्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। नेटिजन्स और स्थानीय लोग पुलिस और नगर पालिका कर्मचारियों की इस मुस्तैदी, सूझबूझ और तत्परता की जमकर तारीफ कर रहे हैं, जिन्होंने आधी रात को अपनी जान जोखिम में डालकर इस बेजुबान जानवर की जान बचाई।

रिपोर्ट- राहुल मालवीय

ये भी पढ़ें: छतरपुर में आकाशीय बिजली का तांडव, बान सुजारा बांध से लौट रहे दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।