गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ही मकान से दो दिनों के भीतर तीन सड़ी-गली लाशें मिलने से पूरे अंचल में हडक़ंप मच गया है। रविवार को जहाँ मकान के एक हिस्से से ताला तोडक़र एक बुजुर्ग का शव निकाला गया था, वहीं सोमवार सुबह उसी परिसर के दूसरे कमरे से एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद हुआ है। यह दोनों शव इतने सड़ चुके हैं लेकिन काफी समय तक शिनाख्त तक नहीं हो सकी। इस दौरान महिला की शिनाख्त गिंदाबाई जाटव निवासी बदरवास के रूप में हुई है, जबकि साथ में मिली दूसरी बॉडी की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार रविवार को मिले मृत ओमप्रकाश शर्मा और महिला के बीच अवैध संबंध हैं। फिलहाल तीसरे व्यक्ति की लाश कौन की है, उसकी जांच की जा रही है। एक ही घर से तीन लाशें मिलने के बाद यह पूरा मामला तिहरे हत्याकांड की ओर इशारा कर रहा है, जिससे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
बंद घर से आ रही थी बदबू, ताला तोड़ा तो उड़ गए होश
घटनाक्रम की शुरुआत रविवार सुबह उस वक्त हुई, जब म्याना में हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान से पड़ोसियों को असहनीय दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। जब पुलिस की मौजूदगी में सूने मकान के मुख्य दरवाजे पर जड़ा बाहर का ताला तोड़ा गया तो भीतर का खौफनाक मंजर देखकर सबकी रूह कांप गई। कमरे के अंदर म्याना निवासी 60 वर्षीय ओम प्रकाश शर्मा का शव अत्यंत क्षत-विक्षत और सड़ी-गली अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक के भतीजे हेमंत शर्मा के मुताबिक, शव करीब तीन से चार दिन पुराना हो चुका था। चूंकि घर के बाहर ताला लगा था, इसलिए प्रथम दृष्टया ही इसे संदिग्ध मानकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। ओम प्रकाश शर्मा की पत्नी का पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है और उनका इकलौता बेटा भोपाल में रहता है, जिसके कारण वे यहाँ अकेले ही रहते थे। वहीं पुलिस के अनुसार मृतक ओमप्रकाश और पास के कमरे में मिली गिंदाबाई के अवैध संबंधों की थ्योरी पर भी पुलिस काम कर रही है। जानकारी के अनुसार हाल ही में ओमप्रकाश द्वारा गिंदाबाई के लिए एक प्लॉट की रजिस्ट्री भी कराई थी। दोनों ही मृतक महिला एवं पुरूष शराब के आदि बताए जाते हैं।
जांच करने पहुंची पुलिस के सामने खुला दूसरा राज, मिले दो और शव
पुलिस के अनुसार पुलिस टीम जब रविवार की घटना के सिलसिले में आगे की कडिय़ों को जोडऩे और बारीकी से मुआयना करने घटना स्थल पर पहुँची, तो पास के बंद कमरे से भी तेज बदबू आ रही थी। दरवाजा खोलने पर अंदर एक महिला और एक पुरुष का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। अत्यधिक डीकंपोज (गल जाने) होने के कारण दोनों शवों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। बाद में महिला की शिनाख्त गिंदाबाई जाटव के तौर पर हुई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। रहस्य गहराने के बाद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और डॉग स्क्वॉड की टीमों को साक्ष्य जुटाने के लिए मैदान में उतारा गया है। दोनों नए शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बाहर से ताला बंद होने और एक के बाद एक तीन शव मिलने से मामला बेहद गंभीर हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं, विशेषकर रंजिश और ऑनर किलिंग जैसे बिंदुओं पर गहराई से तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का वास्तविक खुलासा हो सकेगा।
अवैध संबंध और ऑनर किलिंग का शक
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि रविवार को मिले बुजुर्ग के शरीर पर शुरुआती जांच में चोट के कोई प्रत्यक्ष निशान नहीं थे और वह शव पूरी तरह सड़ चुका था। उसी मामले की कडिय़ों को जोड़ने के लिए जब पुलिस बल आज जांच करने पहुंचा तब पास के ही दूसरे कमरे से दो और शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने अभी तो मिले टोटल 3 शवों में से दो की शिनाख्त कर चुकी है। जबकि तीसरी की शिनाख्त की जा रही है। इसमें प्रारंभिक तौर पर जो तथ्य सामने आया है उसमें कल मृत मिले व्यक्ति का दूसरे कमरे में मिली मृत महिला के साथ अवैध संबंध थे। एक और आदमी मृत पाया गया है उसकी जांच कर रही है। इसमें विभिन्न टीमें बनाकर पूरी कार्रवाई चल रही हैं। चूंकि बॉडी काफी सड़ चुकी हैं, इसलिए फिलहाल डॉक्टरों बता नहीं पा रहे हैं कि मौत कैसे हुई है। कल जो बॉडी मिली थी उसमें कोई चोट डॉक्टर नहीं बताई है। बॉडी तीन-चार दिन पहले की लग रही है।
रिपोर्ट- रितेश सिंह राजपूत