1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: संडे को हाथी पर सवार होकर पहुंचे बिजली विभाग के इंजीनियर, सरकारी दफ्तर में नोटों की गड्डियों वाला काटा केक

VIDEO: संडे को हाथी पर सवार होकर पहुंचे बिजली विभाग के इंजीनियर, सरकारी दफ्तर में नोटों की गड्डियों वाला काटा केक

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 24, 2026 02:51 pm IST,  Updated : Aug 24, 2026 02:54 pm IST

हाथी पर सवार होकर पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर का ढोल-नंगाड़ों को बजाकर स्वागत किया गया। इस दौरान सरकारी कार्यालय में उनके साथ के बाकी कर्मचारी भी मौजूद रहे। सरकारी कार्यालय में खूब जश्न मनाया गया।

हाथी में सवार होकर मनी बर्थडे पार्टी- India TV Hindi
हाथी में सवार होकर मनी बर्थडे पार्टी Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। उज्जैन के पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के असिस्टेंट इंजीनियर रविकांत मालवीय की बर्थडे पार्टी अब चर्चा का विषय बन गई है। आरोप है कि रविवार, यानी शासकीय छुट्टी के दिन कार्यालय खुलवाकर वहां भव्य जन्मदिन पार्टी आयोजित की गई।

ढोल-धमाकों के बीच मना जश्न

बताया जा रहा है कि असिस्टेंट इंजीनियर का अंदाज भी किसी राजा-महाराजा से कम नहीं था। ढोल-धमाकों के बीच हाथी पर सवार होकर कार्यालय परिसर में प्रवेश किया गया और फिर केक काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद विभागीय व्यवस्था और नियमों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नकली नोटों की गड्डी वाला केक

मामला यहीं नहीं थमा। समारोह के दौरान केक के आसपास नोटों की गड्डियां रखे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि की सफाई में बताया जा रहा है कि नोट नकली थे।  ऐसे में पूरा आयोजन महज जन्मदिन समारोह था या फिर खुले तौर पर रसूख और शक्ति प्रदर्शन का मंच, इस पर भी चर्चाएं तेज हैं।

बर्थडे पार्टी पर खड़े हो रहे कई सवाल

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब रविवार को शासकीय कार्यालय बंद रहता है, तो आखिर कार्यालय खुलवाने की अनुमति किसने दी? क्या किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली गई थी? यदि अनुमति थी तो किस नियम के तहत? और यदि अनुमति नहीं थी तो अवकाश के दिन कार्यालय परिसर में निजी समारोह आयोजित करने की इजाजत किसने दी? यह भी जांच का विषय है कि कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी थी या नहीं और यदि कर्मचारी मौजूद थे तो क्या उन्होंने सरकारी ड्यूटी के तहत उपस्थिति दर्ज की या निजी समारोह में शामिल हुए।

एक दिन पहले ही आया था भ्रष्टाचार का मामला

मामला इसलिए और ज्यादा गंभीर हो गया है क्योंकि इसके ठीक एक दिन पहले ही असिस्टेंट इंजीनियर रविकांत मालवीय को लेकर भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों की खबर प्रकाशित हुई थी। इसके अगले ही दिन रविवार को कथित तौर पर शासकीय कार्यालय में इस तरह का भव्य आयोजन सामने आने से विभागीय कार्यप्रणाली और अधिकारी के प्रभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

प्रेम डोडिया की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।