जालना: महाराष्ट्र के जालना शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर की एक नामी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 13 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृत छात्रा का नाम आरोही दीपक बिडलान है। सुबह लगभग 7:30 बजे यह घटना घटी, जिसके बाद पूरे परिसर में खलबली मच गई।
स्कूल पहुंचने के कुछ देर बाद ही मिली सुसाइड की सूचना
जानकारी के मुताबिक, आरोही रोज की तरह सुबह स्कूल पहुंची थी लेकिन कुछ ही देर में स्कूल प्रशासन ने उसके पिता दीपक बिडलान को फोन कर बताया कि आपकी बेटी ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और घायल अवस्था में आरोही को पहले एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे जिल्हा सामान्य अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के आधार पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के असली कारणों की जांच जारी है।
परिजनों ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
वहीं, मृत छात्रा के पिता दीपक बिडलान ने गंभीर आरोप लगाया है कि शिक्षकों के निरंतर मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने यह चरम कदम उठाया। उनका कहना है कि बेटी कई दिनों से परेशान थी, लेकिन उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह ऐसा कदम उठाएगी।
स्कूल प्रशासन ने कही ये बात
वहीं, दूसरी तरफ, स्कूल के मुख्याध्यापक का कहना है कि मामला दुखद है, पुलिस जांच चल रही है और जांच के बाद ही सारी सच्चाई सामने आएगी। पुलिस निरीक्षक संदीप भारती ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. हमने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- विजय साळी, जालना