1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण कोरोना वायरस पॉजिटिव, कई दिनों से थे आइसोलेशन में

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण कोरोना वायरस पॉजिटिव, कई दिनों से थे आइसोलेशन में

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 25, 2020 07:13 am IST,  Updated : May 25, 2020 11:19 am IST

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और उद्धव सरकार में मंत्री अशोक चव्हाण कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चव्हाण का कल कोरोना वायरस टेस्ट हुआ था जिसके बाद अब उनकी रिपोर्ट पॉसिटिव आई है।

Ashok Chavan - India TV Hindi
Ashok Chavan  Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्‍ट्र के पूर्व सीएम और उद्धव सरकार में मंत्री अशोक चव्‍हाण कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चव्हाण का कल कोरोना वायरस टेस्ट हुआ था जिसके बाद अब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह हफ्ते भर पहले मुंबई से नांदेड गए थे। तभी से वो आइसोलेशन में थे। चव्हाण को इलाज के लिए मुंबई लाने पर डॉक्टरों की सलाह ली जा रही है। महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस के 3,041 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की 50 हजार के पार पहुंच गई है।

एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में नए मामलों की यह संख्या किसी एक दिन का उच्चतम स्तर है। अधिकारी ने बताया कि महामारी के कारण 58 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1635 हो गई है। 

उन्होंने बताया कि रविवार को लगातार आठवां दिन है जब राज्य में कोरोना वायरस के 2,000 से अधिक नये मामले सामने आये हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में मामलों की कुल संख्या अब 50,231 पहुंच गई है । अभी 33,988 मरीजों का इलाज चल रहा है। कोरोना वायरस से 1,196 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद ठीक हुए लोगों की संख्या अब 14,600 हो गई है। 

अधिकारी ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस से हुई 58 मरीजों की मौतों में से 39 मुंबई, पुणे और सोलापुर में छह-छह, औरंगाबाद में चार और लातुर, मीरा भायंदर और ठाणे में एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है।’’ अधिकारी ने बताया कि कुल 50,231 मामलों में से केवल मुंबई में ही 30,542 मामले सामने आये हैं। महाराष्ट्र में इस समय निरूद्ध क्षेत्रों की कुल संख्या 2,283 है। राज्य में कोरोना वायरस के लिए अब तक 3,62,862 लोगों की जांच की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।