1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. विधानसभा में मारपीट पर भाजपा विधायक ने मांगी मांफी, गोपीचंद पडलकर बोले- अध्यक्ष के हर फैसले का सम्मान

विधानसभा में मारपीट पर भाजपा विधायक ने मांगी मांफी, गोपीचंद पडलकर बोले- अध्यक्ष के हर फैसले का सम्मान

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 18, 2025 11:57 am IST,  Updated : Jul 18, 2025 11:57 am IST

महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपीएसपी के विधायक जितेंद्र आव्हाड और भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच मारपीट का हुई थी। इस मामले में अब भाजपा विधायक ने माफी मांग ली है।

BJP MLA apologized for the fight in the Maharashtra assembly Gopichand Padalkar said every decision - India TV Hindi
गोपीचंद पडलकर Image Source : FACEBOOK

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच महाराष्ट्र विधानभवन में बृहस्पतिवार को हाथापाई देखने को मिली थी। दरअसल आव्हाड और पडलकर के बीच बुधवार को तीखी बहस हुई थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई। इस मामले में अब भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर ने मांफी मांग ली है। गोपीचंद पडलकर ने कहा कि मैं विधानसभा अध्यक्ष से माफी मांगता हूं। जो घटना कल हुई वो गलत थी। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। जो भी एक्शन होगा, उसका कानूनी जवाब दूंगा। विधानसभा अध्यक्ष के हर फैसले का सम्मान है।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि बीजेपी विधायक गोपीचंद पडलकर और शरद पवार की NCP के MLA जितेंद्र अव्हाड के बीच कहासुनी का विवाद अगले दिन मारपीट में बदल गया। दरअसल विधानसभा कैंपस के अंदर दोनों गुटों के समर्थक आपस में भिड़ गए और दोनों में हाथापाई होने लगी। समर्थकों ने एक दूसरे के साथ गाली-गलौच की और एक दूसरे पर लात और घूंसे भी बरसाए, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पूरे विवाद की शुरुआत 16 जुलाई को हुई थी, जब बीजेपी विधायक गोपीचंद पडलकर की गाड़ी का गेट जितेंद्र अव्हाड़ से टकरा गया। इसे लेकर दोनों विधायकों के बीच तीखी बहस हुई और फिर कल विधानसभा कैंपस के अंदर मामला भड़क गया। इसके बाद गोपीचंद पडलकर और जितेंद्र अव्हाड़ के समर्थक एक दूसरे से उलझ गए और मार-पीट करने लगे।

पुलिस का एक्शन शुरू

इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। दरअसल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) के नेता जितेंद्र आव्हाड के कार्यकर्ता नितिन देशमुख को देर रात मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस इस दौरान जब नितिन देशमुख को गाड़ी में बिठाने जा रही थी। इसी दौरान जितेंद्र आव्हाड पुलिस की गाड़ी के सामने बैठ गए और धरना प्रदर्शन करने लगे। जितेंद्र आव्हाड का आरोप है कि पुलिस मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करने के बजाय उनके कार्यकर्ता को ही हिरासत में ले रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।