महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा और एनसीपी-एसपी के नेताओं के बीच झड़प के मामले के बाद अब पुलिस ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। पुलिस ने एनसीपी नेता रोहित पवार और जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ केस दर्ज किया है। मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में यह केस दर्ज किया गया है। इसमें पुलिस के काम में बाधा उत्पन्न करना, नियम के विरुद्ध जमा होना और BNS की अन्य धाराओं के तहत दोनों नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गुरुवार को हुई थी हाथापाई
बता दें कि बीते गुरुवार को एनसीपी-एसपी के विधायक जितेंद्र आव्हाड और बीजेपी के विधायक गोपीचंद पडलकर के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई थी। इससे पहले जितेंद्र आव्हाड और गोपीचंद पडलकर के बीच बुधवार को तीखी बहस हुई थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई। वहीं विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की रिपोर्ट तलब की है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इमारत के भूतल स्थित लॉबी में दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद कुछ देर के लिए स्थिति बिगड़ गई। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने दोनों समूहों को अलग कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों समूहों के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
जितेंद्र आव्हाड ने सुरक्षा पर जताई चिंता
वहीं गोपीचंद पडलकर ने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में कुछ नहीं पता। आप उनसे (आव्हाड से) पूछ सकते हैं, वह सदन में बैठे हैं। मैं इसमें (घटना में) शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं जानता।” इसके अलावा पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने विधानमंडल परिसर में सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दावा किया, “अगर विधायक विधानभवन के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो जनप्रतिनिधि होने का क्या मतलब है? हमारा अपराध क्या है? मैं तो बस ताजी हवा लेने के लिए बाहर निकला था। मुझे लगता है कि वे मुझ पर हमला करने आए थे।”
सीएम ने की थी कार्रवाई की मांग
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह घटना विधानमंडल की गरिमा के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद सभापति को इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।” फडणवीस ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का विधान भवन में आकर हंगामा करना एक गंभीर मामला है।