महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा। वहीं 23 नवंबर को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में चुनाव प्रचार करने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस पहुंचे। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने शहर के नाम को लेकर एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने वोट जिहाद का जवाब धर्म युद्ध से देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'सुन लो ओवैसी छत्रपति संभाजी नगर किसी का बाप भी पैदा हुआ तो इसका नाम नहीं बदल सकता है।'
उन्होंने कहा कि कल एआईएमआईएम की सभा में एक महिला ने कहा कि कौन संभाजी, कैसे यहां का संभाजी नगर हो गया। अरे उसे पता नहीं। उसे पता नहीं है देश धर्म पर मिटने वाला शेर शिवा का छावा था। महा पराक्रमी महाप्रतापी एक ही शंभू राजा था। उन्होंने इस दौरान कहा कि वोट जिहाद का जवाब धर्म युद्ध से देना है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हमने देखा कि उनके धर्म स्थलों पर कितने पोस्टर बैनर लगे। कसमें दिलाई गईं और कहा गया कि केवल एक ही काम करना है मोदी को हराना है। ये सब बोलकर वोट जिहाद किया गया। इसके वजह से कई जगहों पर हमें हार का सामना करना पड़ा और मात खानी पड़ी। लेकिन इस बार वोट जिहाद का जवाब धर्म युद्ध से देना है।
बता दें कि शनिवार को एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी चुनाव प्रचार करने के लिए छत्रपति संभाजी नगर पहुंचे थे। यहां अपने संबोधन में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर खूब निशाना साधा। पीएम मोदी के 'एक हैं तो सेफ हैं' वाले बयान को लेकर कहा कि मैं उनको जवाब देना चाहता हूं कि अगर 'न्याय है तो भारत सुरक्षित है।' अगर संविधान बरकरार है तो समानता बनी रहेगी और अगर डॉ. आम्बेडकर की विरासत जीवित है तो भारत वास्तव में सुरक्षित रहेगा। ओवैसी ने अपने भाषण में कहा, "मजलिस बोल रही है कि हम अनेक हैं तो अखंड हैं। मोदी एक करना चाहते हैं। RSS एक करना चाहता है। मैं कहता हूं इंसाफ है तो इंडिया सेफ है। संविधान है तो सम्मान है।
संपादक की पसंद